अजनौर निवासी लक्ष्मण लोधी 42 वर्ष हर साल नवरात्र में माता रानी के व्रत कर अपने घर पर जवारे लगाते हैं। नवरात्र की प्रथमा को विधि-विधान से इनके घर पर जवारे रखे जाते हैं। 9 दिन सेवा पूजा करने के बाद यह बगाज माता में इनका विसर्जन करने के बाद अपना व्रत तोड़ते हैं। इस बार चैत्र नवरात्र में इन्होंने कठिन भक्ति का व्रत रखा। इन्होंने अपने घर में माता के जवारे लगाने के साथ ही अपने पेट पर अखंड ज्योति की स्थापना की। परिजनों ने बताया कि इसके लिए उन्होंने दो दिन पहले से तैयारी शुरू कर दी थी। पहले दिन भोजन बहुत थोड़ा किया तो दूसरे दिन जल भी त्याग दिया था कि कहीं बीच व्रत में लघुशंका की परेशानी न हो। इस प्रकार से वह 10 दिनों से बिना जल के रह रहे हैं। परिजनों ने बताया कि वह 10 दिनों से सीधे लेटकर अपने पेट पर अखंड ज्योति जलाए हुए हैं। ऐसे में घर में भी पूरा परिवार सात्विक जीवन जी रहा है। घर में सुबह-शाम जवारों की आरती के साथ ही भजन चल रहे हैं। गांव सहित क्षेत्र भर के लोग यहां जवारों के दर्शन करने आ रहे हैं।
आज होगा विसर्जन इन जवारों का आज विधि-विधान से विसर्जन किया जाएगा। 10 दिन से बिना अन्न-जल के रहने के कारण लक्ष्मण लोधी को हल्की कमजोरी तो महसूस हो रही है, लेकिन अंदर से शक्ति बनी हुई है। उन्होंने बताया कि आज जवारों का विसर्जन करने के बाद ही व्रत तोड़ेंगे। ऐसे में डॉक्टरों ने लक्ष्मण को सबसे पहले नींबू का हल्का शरबत लेने एवं धीरे-धीरे पूर्ण आहार लेने की सलाह दी है।