scriptAhmedabad: 24 घंटे में 3 ब्रेनडेड मरीजों के 9 अंगों का दान | Ahmedabad: Donation of 9 organs of 3 brain dead patients in 24 hours | Patrika News
अहमदाबाद

Ahmedabad: 24 घंटे में 3 ब्रेनडेड मरीजों के 9 अंगों का दान

होली-धुलंडी पर सिविल अस्पताल में ब्रेनडेड मरीजों के परिजनों ने किया दान

अहमदाबादMar 15, 2025 / 10:47 pm

nagendra singh rathore

civil hospital
Ahmedabad. होली और धुलंडी पर्व के दिन तीन मरीजों के परिवार पर दुख का पहाड़ टूटा लेकिन उन्होंने अंगदान महादान और किसी अन्य का जीवन बचाने के लिए अपने ब्रेनडेड हुए परिजन के अंगों का दान किया। इसके चलते अहमदाबाद सिविल अस्पताल में होली और धुलंडी के दिन 24 घंटे में तीन ब्रेनडेड घोषित किए गए मरीजों के 9 अंगों का दान किया गया। 4 आंखें भी दान में ली गईं। इसमें एक ब्रेनडेड मरीज के परिजन ने गुप्तदान किया।

55 वर्षीय प्रौढ़ की दो किडनी, दो आंख का दान

अंगदान के पहले मामले में 55 वर्षीय एक प्रौढ़ गिरने से उनके सिर में चोट लग गई थी। उन्हें 10 मार्च को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 14 मार्च को सिविल डॉक्टरों की एक टीम ने परिवार को बताया कि मरीज का ब्रेन डेड हो चुका है। अंगदान के बारे में उन्हें बताया तो परिवार ने किसी और की जान बचाने के लिए गुप्त रूप से अंग दान करने का फैसला किया। ऐसे में उनकी दो किडनी और दो आंखें दान में ली गईं।

जूनागढ़ के करशनभाई की दो किडनी, लिवर का दान

दूसरे मामले में जूनागढ़ निवासी 55 वर्षीय करशनभाई बाता को एक दुर्घटना में सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें पहले जूनागढ़ सिविल अस्पताल, फिर जूनागढ़ के एक निजी अस्पताल और 12 मार्च को अहमदाबाद सिविल अस्पताल रेफर किया गया। सिविल अस्पताल में उपचार के दौरान दिनांक 14 मार्च को चिकित्सकों ने करशनभाई को ब्रेन डेड घोषित कर दिया। परिजनों को अंगदान के बारे में समझाता तो उनकी पत्नी और एक बेटे ने अंगदान की स्वीकृति दी। इस पर करशनभाई की 2 किडनी और एक लीवर दान लिया गया।

खेडा के नगीनभाई की दो किडनी, हृदय, लिवर का दान

खेड़ा जिले के महेमदाबाद निवासी 52 वर्षीय नगीनभाई परमार 9 मार्च को घर में मस्तिष्क की नस फटने से बेहोश हो गए। उन्हें पहले महेमदाबाद सिविल अस्पताल, फिर नडियाद सिविल अस्पताल और 9 मार्च की शाम अहमदाबाद सिविल अस्पताल रेफर किया गया। सिविल अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने 14 मार्च को उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया। परिजनों को अंगदान के बारे में बताया तो उनके परिवार के सदस्यों ने इसकी स्वीकृति दी। इस पर उनका हृदय, दो किडनी, एक लीवर और दो आंखें दान में ली गईं।
सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ.राकेश जोशी ने बताया कि तीन ब्रेनडेड मरीजों के अंगदान से प्राप्त 6 किडनी और 2 लीवर को सिविल मेडिसिटी परिसर स्थित किडनी अस्पताल में जरूरतमंद मरीजों में प्रत्यारोपित किया गया। हृदय को ग्रीन कॉरिडोर के माध्यम से अहमदाबाद के सिम्स अस्पताल में भर्ती मरीज में प्रत्यारोपित किया जाएगा। 4 आंखों का दान एम एंड जे आई हॉस्पिटल को दिया गया है। ये भी मेडिसिटी का हिस्सा है।
जोशी ने बताया कि इन तीन ब्रेनडेड मरीजों के अंगदान के चलते अस्पताल को अब तक दान में 600 अंगदान प्राप्त हुए हैं, जिससे 582 लोगों की जिंदगी बचाने में मदद मिली है।

सबसे ज्यादा 344 किडनी का मिला दान

अब तक सिविल अस्पताल को सबसे अधिक 334 किडनी का दान मिला है। 160 लीवर, 58 हृदय, 30 फेफड़े, 9 अग्न्याशय, दो छोटी आंत, पांच स्किन और 124 आंखों का दान प्राप्त हुआ है।

Hindi News / Ahmedabad / Ahmedabad: 24 घंटे में 3 ब्रेनडेड मरीजों के 9 अंगों का दान

ट्रेंडिंग वीडियो