Weather News: राजस्थान में कितने दिन रहेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर, कितना गिरेगा तापमान, IMD का नया अपडेट
Western Disturbance in Rajasthan: राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से दो दिन तापमान में कमी रहेगी। वहीं आगामी 48 घंटों के भीतर अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है।
Weather Alert: पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के पूर्वी हिस्से में बादल और ओलावृष्टि के चलते मौसम में बदलाव देखने को मिला है। जोधपुर सहित पश्चिमी हिस्से में शीतल बयार बहने से रविवार को लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 35 डिग्री के नीचे रेकॉर्ड किया गया। हालांकि रात का तापमान बीस डिग्री से ऊपर बना हुआ है। ठंडी हवा चलने और दिन के तापमान में गिरावट से गर्मी से थोड़ी राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार सप्ताहांत में तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है। सूर्यनगरी में रविवार को न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री रहा जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक रहा। सुबह से ही शीतल हवा के चलने से मौसम खुशनुमा बना रहा। सुबह धूप निकली, लेकिन ठंडी हवा के कारण तपिश थोड़ी कम महसूस हुई। दिन में बादलों की हल्की आवाजाही रही, जिसके कारण धूप छांव की स्थिति रही।
यह वीडियो भी देखें
सुहानी शाम
शहर में रविवार को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री मापा गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम था। तापमान कम होने से दोपहर में गर्मी से राहत रही। शाम भी सुहानी रही। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव बना रहेगा। प्रदेश में विक्षोभ के असर से दो दिन तापमान में कमी रहेगी। वहीं आगामी 48 घंटों के भीतर अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है।