Maha shivratri : शिव भक्ति में रंगा शहर, शिव मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, दर्शन के लिए लगी कतार
महा शिवरात्रि पर श्रद्धालु जल, दूध से भगवान शिव का अभिषेक कर चंदन, बिल्वपत्र, गाजर-बेर, धूप-दीप, नैवेद्य, आंक-धतुरा, भांग आदि अर्पित कर घर-पररिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं।
ताडक़ेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करते श्रद्धालु।
जयपुर. राजधानी जयपुर समेत प्रदेशभर में महाशिवरात्रि का पर्व आज बुधवार, धनिष्ठा नक्षत्र, परिघ योग, शकुनी करण के संयोग और मकर राशि के चंद्रमा की उपस्थिति में भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। अलसुबह से ही शिव मंदिरों में भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया। श्रद्धालु जल, दूध से भगवान शिव का अभिषेक कर चंदन, बिल्वपत्र, गाजर-बेर, धूप-दीप, नैवेद्य, आंक-धतुरा, भांग आदि अर्पित कर घर-पररिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। इस दौरान माहौल में हर-हर महादेव, बोल बम ताड़क बम का उद्घोष गूंजता रहा। शहर के शिव मंदिरों में रात्रि में शिव परिवार का शृंगार कर मनमोहक झांकियां सजाई जाएगी। वही कई जगहों पर रात में भोले की बारात निकाली जाएगी।
झाड़खंड महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए लगी लंबी कतार।
शिवालयों में लगी लंबी कतारे
शहर के चौड़ा रास्ता स्थित ताडक़ेश्वर महादेव, बनीपार्क स्थित जंगलेश्वर महादेव, क्वींस रोड स्थित झाडख़ंड महादेव, झोटवाड़ा रोड स्थित चमत्कारेश्वर महादेव, बनीपार्क के जंगलेश्वर महादेव, छोटी चौपड़ स्थित रोजगारेश्वर महादेव, रामगंज के ओंडा महादेव, विद्याधर नगर के भूतेश्वर महादेव, संतानेश्वर महादेव सहित अन्य बड़े मंदिरों में अलसुबह से भगवान शिव की पूजा के लिए श्रद्धालुओं की रैला उमडऩा शुरू हो गया था। हाथों में पूजा सामग्री और जुबान पर शिव नाम लिए श्रद्धालु कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते नजर आ रहे हैं।
इन मंदिरों में भी आयोजन
सिटी पैलेस स्थित राज राजेश्वर शिव मंदिर में भी भक्तों की लम्बीकतारे देखने को मिली। दिल्ली रोड स्थित सदाशिव ज्योर्तिलिंगेश्वर मंदिर में प्रयागराज से मंगवाए त्रिवेणी संगम जल से अभिषेक कर रहे हैं। देवस्थान विभाग के चांदनी चौक स्थित प्रतापेश्वर महादेव मंदिर, हल्दियों का रास्ता स्थित जगतेश्वर महादेव मंदिर, रामचंद्रजी का मंदिर स्थित चंद्रेश्वर महादेव मंदिर, पुराना घाट व आमेर स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर में विशेष आयोजन हुए।
नहीं खुला एकलिंगेश्वर महादेव मंदिर
साल में केवल एक बार शिवरात्रि के दिन खुलने वाला मोती डूंगरी स्थित एकलिंगेश्वर महादेव मंदिर लगातार पांचवें साल भी आमजन के लिए बंद रहा। इसके कारण हजारों शिवभक्तों को भारी निराशा का सामना करना पड़ा। दर्शन की आस में पहुंचे भक्तों को नीचे से ही धोक लगा कर लौटना पड़ा।
चार प्रहर की पूजा का समय
ज्योतिषाचार्य डॉ. रवि शर्मा के अनुसार शिवरात्रि फाल्गुन कृष्ण त्रयोदशी युक्त चतुर्दशी, बुधवार को मनाया जाएगा। इस दिन सूर्यास्त से लेकर अगले दिन सूर्योदय तक चार प्रहर पूजन किया जाएगा। चार पूजन का समय इस प्रकार रहेगा।
प्रथम प्रहर: शाम 6:22 से रात्रि 9:31 बजे तक द्वितीय प्रहर: रात्रि 9:32 से 12:40 बजे तक तृतीय प्रहर: मध्यरात्रि 12:41 से 3:49 बजे तक चतुर्थ प्रहर: मध्यरात्रि बाद 3:50 से अगले दिन सुबह 6:57 बजे तक
निशीथकाल: मध्यरात्रि 12:14 से 1:04 बजे तक
Hindi News / Jaipur / Maha shivratri : शिव भक्ति में रंगा शहर, शिव मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, दर्शन के लिए लगी कतार