भिंड. एमपी के भिंड में दर्दनाक हादसा हुआ। यहां के एक गांव में शादी का जश्न अचानक मातम में बदल गया। शादी के माहौल में सभी लोग नाच गा रहे थे, हंस बोल रहे थे कि अचानक एक हादसा हो गया। शादी में किसी ने बंदूक चला दी। बंदूक की गोली दो लोगों को लगी जिसमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई। एक अन्य युवक बुरी तरह घायल हो गया जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। शादी में गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव बरामद कर लिया है और बंदूक चलाने वाले पर केस दर्ज कर लिया है।
शादी समारोहों, बर्थ डे आदि के जश्न में हर्ष फायर प्रतिबंंधित है। प्रदेश में सार्वजनिक रूप से हथियार लेकर चलने पर ही प्रतिबंध है पर इसके बावजूद लोग न केवल खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन कर रहे हैं बल्कि गोलीबारी भी कर रहे हैं। ऐसी ही एक घटना में एक व्यक्ति अपनी जान गंवा बैठा जबकि एक अन्य व्यक्ति जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
गोरमी थाना क्षेत्र के अकलोनी गांव में यह हादसा हुआ। यहां आयोजित एक शादी समारोह में फायरिंग की गई। गोलीबारी के दौरान गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस के अनुसार मृतक का नाम रामस्वरूप उपाध्याय बताया गया है जबकि मेहगांव के बरहद निवासी एक युवक के घायल होने की खबर है। मृतक रामस्वरूप मोहनपुरा गांव के निवासी थे।
जिस गांव का यह मामला है उसे मध्यप्रदेश शासन के राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया का गृह गांव बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि गोली चलाने के बाद हत्या का आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना शुक्रवार—शनिवार की दरमियानी आधी रात की बताई गई है।
https://youtu.be/Ov8LNFBRKWo
Hindi News / Bhind / मंत्री के गांव में शादी में धांय-धांय, गोलीबारी में एक की मौत, दूसरा युवक गंभीर