scriptsidhi: तपती धूप में छांव की तलाश करते मुसाफि र | sidhi: Travelers looking for shade in the hot sun | Patrika News
सतना

sidhi: तपती धूप में छांव की तलाश करते मुसाफि र

मिनी स्मार्ट सिटी में नहीं यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय की व्यवस्था-शहर के प्रमुख चौराहों में यात्री वाहनों का इंतजार करना हो जाता है मुश्किल-मिनी स्मार्ट सिटी मद से एक दर्जन यात्री प्रतीक्षालय बनना था प्रस्तावित, बाद में दूसरे कार्यों में खर्च कर दी गई राशि-केवल दो यात्री प्रतीक्षालयों का ही हो पाया निर्माण

सतनाJun 16, 2023 / 08:59 pm

Manoj Kumar Pandey

sidhi: Travelers looking for shade in the hot sun

sidhi: Travelers looking for shade in the hot sun

सीधी। मिनी स्मार्ट सिटी में शुमार सीधी शहर में मुसाफिरों को तपती धूप से बचने के लिए छांव की तलाश में भटकना पड़ रहा है। शहर के टैक्सी स्टैंडों व चौराहों में यात्री प्रतीक्षालय तक की व्यवस्था नहीं है। मिनी स्मार्ट सिटी के प्रथम फेज में मिली राशि से शहर में एक दर्जन स्थलों पर यात्री प्रतीक्षालयों का निर्माण प्रस्तावित किया गया था, लेकिन बाद में दूसरे कार्यों में राशि खर्च कर दी गई, जिससे यात्री प्रतीक्षालयों का निर्माण नहीं हो पाया। लिहाजा गर्मी के मौसम में तपती धूप तथा बारिश के मौसम में पानी से बचाव के लिए मुसाफिरों को भटकना पड़ता है।
बता दें कि सीधी शहर को भले ही मिनी स्मार्ट सिटी का दर्जा मिल चुका है, लेकिन यहां मिनी स्मार्ट सिटी जैसी सुविधाएं विकसित नहीं हो पाई हैं। शहर में में यात्री प्रतीक्षालयों का निर्माण नहीं होने से टैक्सी स्टैंडों एवं चौराहों सहित विभिन्न स्टॉपेज में यात्रियों को सडक़ में खड़े होकर वाहनों का इंतजार करना पड़ता है। बैठने एवं छांव की व्यवस्था न होने से महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों को काफी परेशानी हो रही है।
————
बनने थे एक दर्जन, महज दो का हुआ निर्माण-
मिनी स्मार्ट सिटी मद से शहर के सार्वजनिक स्थलों में यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण किया जाना प्रस्तावित किया गया था, ताकि शहर वासियों को यात्री बस व टैक्सियों के लिए फुटपाथ पर बैठकर इंतजार न करना पड़े। इसके लिए करीब एक दर्जन स्थलों का भी चयन किया जा चुका था। लेकिन बाद में 7.41 लाख की लागत से दो यात्री प्रतीक्षालय ही बनाये गए। जिसमें एक सम्राट चौक तथा दूसरा पटेल पुल मुहल्ले के श्मशान घाट में बनाया गया। शेष राशि दूसरे कार्यों में खर्च कर दी गई।
————-
यहां सडक़ पर लगती है यात्रियों की भीड-
शहर के विभिन्न चौराहों में यात्री वाहनों का इंतजार करने के लिए यात्रियों की भीड़ जुटती है, और यात्रियों को घंटो सडक़ पर खड़े होकर वाहनों का इंतजार करना पड़ता है। ऐसे स्थलों व चौराहों में मुख्य रूप से शहीद श्यामलाल सिंह तिराहा, सम्राट चौक कमर्जी मार्ग, लालता चौक, ऊंची हवेली, कलेक्ट्रेट मार्ग मर्चुरी के पास, सिंचाई विभाग कार्यालय के पास सिंगरौली मार्ग सहित अन्य प्रमुख स्थल शामिल हैं। यहां लगने वाले वाहनों व यात्रियों के जमावड़े से सडक़ हादसों का भी खतरा बना रहता है।
—————
टैक्सी स्टैंडों में भी यात्रियों की लिए नहीं सुविधाएं-
जिला मुख्यालय से विभिन्न रूटों को जाने के लिए जिले में अघोषित रूप से चार टैक्सी स्टैंड संचालित हैं, जहां बड़ी संख्या में ऑटो वाहन व टैक्सियां खड़ी रहती हैं। यहां बड़ी संख्या में यात्रियों की भी भीड़ जुटती है। लेकिन इन टैक्सी स्टैंडों में भी यात्री सुविधा के नाम पर कोई व्यवस्था नहीं है। न तो यहां यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय है और न ही पेयजल आदि की सुविधा। जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
—————
यात्रियों ने सुनाई समस्या-
……….सीधी भले ही कहने को मिनी स्मार्ट सिटी बन गई है, लेकिन यहां मिनी स्मार्ट सिटी जैसा कुछ नहीं है। सडक़ की फुटपाथ पर बैठ कर वाहनों का इंतजार करना पड़ता है। जबकि ग्रामीण अंचलों के बस स्टापेज में यात्री प्रतीक्षालय बन गए हैं।
अनिल गुप्ता, यात्री शैरपुर
———-
……..शहर के बस स्टापेज में यात्री प्रतीक्षालय न होने से सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं और छोटे बच्चों को हो रही है। धूप में फुटपाथ पर बैठकर बसों का इंतजार करना पड़ता है। इस समस्या पर प्रशासन व जनप्रतिनिधियों को ध्यान देना चाहिए।
रामजी कुशवाहा, यात्री झिंगाझर
———–
……शहर के टैक्सी स्टैंडों व चौराहों में वाहन का इंतजार करने के लिए यात्रियों की भीड़ जुटती है। दुकानवाले अपनी दुकान के बरामदों में बैठने नहीं देते। छांव के लिए इधर उधर भटकना पड़ता है। यात्री प्रतीक्षालय बन जाए तो काफी सुविधा होगी।
आनंद जायसवाल, यात्री शिवपुरवा
———–
……..ग्रामीण अंचलों के बस स्टॉपेज में विधायक मद से यात्री प्रतीक्षालय बनवाए गए थे। लेकिन सीधी शहर में जहां ज्यादा आवश्यकता है वहां यात्री प्रतीक्षालय नहीं हैं। हम लोगों को काफी परेशानी होती है। महिलाएं और अधिक परेशान हो रही हैं।
अरविंद बंसल, यात्री हड़बड़ो
————
दूसरे घटक में खर्च हो गई राशि-
मिनी स्मार्ट सिटी मद से शहर में दो यात्री प्रतीक्षालय बनाए गए हैं। सूचना मिली थी कि एक दर्जन बनाए जाने हैं, लेकिन दूसरे घटकों में राशि खर्च होने से निर्माण नहीं हो पाया। अभी फिलहाल नगर पालिका द्वारा यात्री प्रतीक्षालयों का निर्माण कार्ययोजना में शामिल नहीं है।
बीके तिवारी, उपयंत्री नपा
————-
विधायक को लिखा गया है पत्र-
मेरे द्वारा शहर में यात्री प्रतीक्षालय निर्माण के लिए राशि उपलब्ध कराने हेतु सीधी विधायक को पत्र लिखा गया है। यदि राशि उपलब्ध करा दी जाती है तो अच्छी बात है, नहीं तो नपा के बजट से ही निर्माण कराया जाएगा।
काजल वर्मा, अध्यक्ष नगर पालिका सीधी
000000000000000000000

Hindi News / Satna / sidhi: तपती धूप में छांव की तलाश करते मुसाफि र

ट्रेंडिंग वीडियो