हितानंद ने हार पर कसा व्यंग्य चुनावी वर्ष 2023 की तैयारियों को लेकर जिला कोर कमेटी की यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। बैठक की शुरुआत में शुक्रवार को आए नगरीय निकायों के नतीजे पर जिले के पदाधिकारियों ने बताया कि नतीजा फिफ्टी-फिफ्टी रहा। एक हारे और एक जीते। इस पर प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने व्यंग्य कसते हुए कहा कि
‘ बधाई हो 100 से पहुंच गए 700 में ‘ उनका इशारा पिछले आम चुनाव में हार का अंतर 66 से बढ़कर वर्तमान उपचुनाव में यह अंतर 700 पहुंचने का था। हालांकि इस पर जिलाध्यक्ष ने सफाई दी लेकिन उसे ज्यादा तव्वजों नहीं मिली।
अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं इसी दौरान महापौर योगेश ताम्रकार ने कहा कि इस हार की वजह वैश्य समाज का एक भी वोट नहीं मिलना है। पार्टी कार्यालय के अंदर समाज के एक सम्मानित पार्षद को पीटा गया। बाहर की बात होती तो अलग बात थी यह मारपीट भाजपा कार्यालय के अंदर हुई है। इससे वातावरण खराब है। इस पर प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि यह गंभीर विषय है। जिलाध्यक्ष से पूछा कि इस पर क्या कर रहे हैं? जवाब में बताया गया कि कमेटी बनाई है। प्रदेशाध्यक्ष इस पर असहमत नजर आए और कहा कि कमेटी क्या होती है, ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। इस दौरान सांसद ने कहा कि ऐसा भी कुछ नहीं है। चुनाव को लेकर कुछ गलतियां हुई हैं। लेकिन इस कार्रवाई से मैसेज अच्छा नहीं जाएगा। लेकिन प्रदेशाध्यक्ष और सीएम ने स्पष्ट कहा कि ऐसी अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं होनी चाहिए।
रिक्त पद भरें, संख्याबल के साथ कार्यक्रम करें बैठक में प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि संगठन में जो भी पद रिक्त हैं उनपर शीघ्र नियुक्तियां की जाएं। इसके साथ ही यहां से जो भी कार्यक्रम दिए जा रहे हैं उन्हें संख्याबल के साथ करें। कार्यकर्ताओं को शामिल कर आयोजन करें। 10-25 लोगों को लेकर कोरम पूर्ति न की जाए।
देखें समीकरण, योजनाओं को जन तक पहुंचाएं मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी लोग वरिष्ठ लोग हैं। कोर कमेटी की लगातार बैठकें की जाएं। विधानसभावार चर्चा की जाएं। जमीनी स्थितियों और समीकरणों को देखिये। आप लोग सभी की नब्ज पहचानते हैं। इसके साथ ही जो भी भाजपा सरकार की योजनाएं हैं उनका व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए। लोगों को इसकी जानकारी और इसके फायदे समझाए जाएं। यह भी कहा कि जिले के अंदर जो भी अधिकारी कर्मचारी सही काम नहीं कर रहे हैं, लोगों को परेशानी हो रही है उनको इधर उधर किया जाएगा। जो यहां लायक हैं उनके नाम यहां दीजिए जो जिला स्तर के हैं उनके नाम प्रभारी मत्री को दीजिए।