राजसमंद के तासोल पुलिया से बहता गोमती नदी का पानी।
राजसमंद. राजसमंद झील को भरने वाली गोमती नदी से लगातार पानी की आवक होने से सोमवार को सुबह 8 बजे तक झील का जलस्तर 10 फीट पहुंच गया है। शाम तक झील का जलस्तर 15 फीट तक पहुंचने की उम्मीद है। सिंचाई विभाग के जानकारों के अनुसार गोमती नदी का गेज वर्तमान में 4 फीट चल रहा है। इसके कारण प्रशासन भी अलर्ट है। जिले का बाघेरी का नाका बांध ओवर फ्लो हो गया है। इसमें भी 2 फीट से अधिक की चादर चल रही है। यह पानी नंदसमंद में पहुंचता है। हालांकि अभी नंदसमंद 16 फीट खाली है। इसके भरने के बाद ही खारी फीडर खोला जाता है। इससे भी राजसमंद झील में पानी की आवक होती है। नंदसमंद के भी बारिश जारी रहने पर शाम तक भरने की उम्मीद है। सिंचाई विभाग के अनुसार चारभुजा (गढ़बोर) स्थित राम दरबार रविवार को सुबह 5 बजे छलक गया। यह जनवाद, साथिया, गोमती, अमलियार, मुराना, धानीन, पड़ासली, आरवाड़ा, बामनटुकड़ा, मेहरड़ा, धायला, केलवा, खटामला, पर्वतखेड़ी और छापरखेड़ी होते हुए झील में रात्रि में पहुंचा। झील में करीब 5 फीट पानी है। ऐसे में सोमवार सुबह 8 बजे तक झील का जलस्तर 10 फीट तक पहुंच गया है। उल्लेखनीय है कि गोमती के चलते ने 2017 में झील 44 साल बाद छलकी थी। पिछले साल भी बारिश से गोमती चली थी, लेकिन झील तक नहीं पहुंच पाई थी। ऐसे में इस बार झील के फिर से छलकने की उम्मीद है।