राजसमंद. बिपरजॉय तूफान (Cyclone Biparjoy) का असर अब दिखाई देने लगा है। गोमती नदी धायला पार कर राजसमंद की सीमा में प्रवेश कर गई है। पानी का वेग काफी तेज होने के कारण अब कभी भी राजसमंद झील में पानी पहुंच सकता है। गोमती नदी को देखने के लिए धायला की पुलिया और छापरखेड़ी में लोग पहुंच गए हैं। वहां पर जयकारे लगाकर गोमती नदी का स्वागत करने में जुटे हैं। गोमती नदीं के चलते से 2017 में राजसमंद झील छलकी थी।
इसके बाद से झील में गोमती से पानी नहीं पहुंचा। इसके कारण लोग उत्साहित नजर आ रहे हैं। पिछले साल भी रामदरबार छलकने के बाद गोमती चली जरूर थी, लेकिन उसका पानी राजसमंद नहीं पहुंच पाया था। सिंचाई विभाग के साथ जिला प्रशासन के अधिकारी भी वहां पर पहुंच रहे हैं। जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। वर्तमान में बारिश का दौर जारी है। आगामी 24 घंटों में पाली, सिरोही, उदयपुर, राजसमंद जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा और कही- कंही पर अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना जताई जा रही है।
कुंभलगढ़ उपखंड मुख्यालय पर लगे वर्षा मापी यंत्र के अनुसार 24 घंटे में 5 इंच और अब तक कुल 8 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। जहां राजसमंद झील को भरने वाला राम दरबार एनिकट रविवार सुबह 5 बजे छलक गया है। इसके बाद गोमती नदी पूरे वेग से राजसमंद की तरफ बढ़ रही है।
सिंचाई विभाग के अनुसार छापरखेड़ा में गेज लगा हुआ है। वहां पहुंचने के बाद ही राजसमंद झील में पानी की आवक कब तक हो सकती है इसकी सही जानकारी मिल सकती है। तेज बारिश के चलते एसडीएम जयपाल सिंह राठौड़ और तहसीलदार रणजीत सिंह चारण भी निरीक्षण पर निकल गए है। बारिश में कुंभलगढ़ दुर्ग मार्ग पर गिरी चट्टानों और पत्थरों को हटवाया जा रहा है।
https://www.dailymotion.com/embed/video/x8lusmw
Hindi News / Rajsamand / Cyclone Biparjoy : गोमती नदी राजसमंद झील से अब चंद किलोमीटर दूर, इंतजार कर रहे लोग