scriptएमपी के टाइगर रिजर्व में दिखा Egypt का दुर्लभ पक्षी, सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल | Rare Egyptian vulture seen in Ratapani Tiger Reserve of Raisen MP | Patrika News
रायसेन

एमपी के टाइगर रिजर्व में दिखा Egypt का दुर्लभ पक्षी, सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल

Rare Egyptian vulture: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के रातापानी टाइगर रिजर्व में पहली बार मिस्र का दुर्लभ सफेद गिद्ध देखा गया है। संकटग्रस्त प्रजाति के इस गिद्ध की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।

रायसेनMar 23, 2025 / 01:30 pm

Akash Dewani

Rare Egyptian vulture seen in Ratapani Tiger Reserve of Raisen MP
Rare Egyptian vulture: मध्य प्रदेश के रातापानी टाइगर रिजर्व (Ratapani Tiger Reserve) में एक दुर्लभ प्रजाति का सफेद गिद्ध देखा गया है, जिसकी तस्वीरें टाइगर रिजर्व के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की गई हैं। यह सफेद गिद्ध (Egyptian vulture) विलुप्त हो रही गिद्ध प्रजातियों में से एक है, जिसे अंतरराष्ट्रीय प्राकृतिक संरक्षण संघ (IUCN) ने संकटग्रस्त घोषित किया है। पहली बार मिस्र के इस गिद्ध को यहां देखा गया है, जिससे टाइगर रिजर्व के अधिकारी बेहद उत्साहित हैं। अब वे इस विशेष गिद्ध के संरक्षण और उसके अनुकूल वातावरण तैयार करने की योजना बना रहे हैं।

अनोखा है ये सफेद गिद्ध

अपने विशिष्ट पीले चेहरे और सफेद पंखों के साथ मिस्र का यह गिद्ध बीते दिनों रातापानी टाइगर रिजर्व में देखा गया। वन विभाग ने इसे अपने कैमरे में कैद किया। यह गिद्ध उन चुनिंदा पक्षी प्रजातियों में से एक है जो बड़े अंडों को तोड़ने के लिए कंकर जैसे औजारों का उपयोग करता है। उम्रदराज गिद्धों की तुलना में युवा गिद्ध गहरे भूरे रंग के होते हैं, लेकिन जैसे-जैसे वे परिपक्व होते हैं, उनके पंखों का रंग सफेद हो जाता है।
यह भी पढ़ें

26 मार्च से हजारों बच्चों को मिलेगी JEE-NEET की फ्री कोचिंग

640 किलोमीटर तक भर सकता है उड़ान

रातापानी टाइगर रिजर्व में इस गिद्ध के दिखाई देने के बाद इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं और इसके संरक्षण की मांग जोर पकड़ने लगी है। यह गिद्ध प्रतिदिन 640 किलोमीटर तक की उड़ान भर सकता है। आमतौर पर यह चट्टानों और पहाड़ियों पर अपना घोंसला बनाते हैं। पहले यह गिद्ध पश्चिमी अफ्रीका से लेकर उत्तर भारत, पाकिस्तान और नेपाल में काफी संख्या में पाए जाते थे, लेकिन अब इनकी संख्या बहुत कम हो गई है। इसी वजह से अंतरराष्ट्रीय प्राकृतिक संरक्षण संघ ने इसे संकटग्रस्त प्रजाति में शामिल किया है।

टाइगर रिजर्व में पक्षियों के संरक्षण का प्रयास

रातापानी टाइगर रिजर्व के अधीक्षक सुनील भारद्वाज ने बताया कि 4 मार्च की सुबह इस गिद्ध को यहां देखा गया। उन्होंने कहा, ‘पूरे विश्व में यह विलुप्त हो रहे पक्षियों में से एक है, जिसे संरक्षण की आवश्यकता है। हम रातापानी टाइगर रिजर्व में प्रवासी पक्षियों के संरक्षण और उन्हें बेहतर पर्यावास उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे यहां आने वाले प्रवासी पक्षी स्वतंत्र रूप से विचरण कर सकें।’

Hindi News / Raisen / एमपी के टाइगर रिजर्व में दिखा Egypt का दुर्लभ पक्षी, सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल

ट्रेंडिंग वीडियो