scriptबिहार चुनाव से पहले NDA में ‘प्रमुख’ बनाने की तैयारी, क्या नीतीश और चंद्रबाबू होंगे तैयार? | Preparations to appoint a 'chief' in NDA before Bihar elections, will Nitish and Chandrababu be ready | Patrika News
राष्ट्रीय

बिहार चुनाव से पहले NDA में ‘प्रमुख’ बनाने की तैयारी, क्या नीतीश और चंद्रबाबू होंगे तैयार?

NDA President: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का अभी तक संयोजक नहीं रहा है, यदि अब NDA संयोजक नियुक्त किया जाता है तो यह पहली बार होगा। दरअसल, यह कदम गठबंधन को और मजबूत करने और राज्यों में तालमेल बढ़ाने के लिए उठाया जा रहा है।

पटनाApr 22, 2025 / 03:07 pm

Ashib Khan

NDA President: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव का अभी तक ऐलान नहीं हुआ है। इसी बीच बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन के संयोजक नियुक्त करने को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि बीजेपी के किसी वरिष्ठ नेता को यह जिम्मेदारी दी जा सकती है। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले बिहार के सीएम नीतीश कुमार (Nitish Kumar) को भी एनडीए के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में प्रस्तावित करने की बात सामने आई थी। उस समय एनडीए का संयोजक नहीं बनाया गया था। वहीं एनडीए में चंद्रबाबू नायडू की भी पार्टी है। केंद्र में एनडीए की सरकार में नीतीश और चंद्रबाबू नायडू की पार्टी का अहम रोल है।

पहली बार बनेगा NDA संयोजक 

बता दें कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का अभी तक संयोजक नहीं रहा है, यदि अब NDA संयोजक नियुक्त किया जाता है तो यह पहली बार होगा। दरअसल, यह कदम गठबंधन को और मजबूत करने और राज्यों में तालमेल बढ़ाने के लिए उठाया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एनडीए गठबंधन के दलों ने बीजेपी के सामने संयोजक का सुझाव रखा था। इस पर बीजेपी का भी सकारात्मक रुख रहा। 

NDA संयोजक बनाने के पीछे की वजह

राष्ट्रीय संयोजक की नियुक्ति से NDA के सहयोगी दलों के बीच बेहतर तालमेल और नीतिगत मुद्दों पर एकरूपता लाने में मदद मिलेगी, खासकर तब जब गठबंधन में विभिन्न दलों के हितों को संतुलित करना जरूरी है। दरअसल, आने वाले समय में बिहार, बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव है। तमिलनाडु में DMK के एमके स्टालिन और बंगाल में टीएमसी की ममता बनर्जी सीएम है। दोनों राज्यों में NDA की सरकार नहीं है। इसलिए एनडीए के लिए दोनों राज्यों का विधानसभा चुनाव महत्वपूर्ण है।

लोकसभा चुनाव 2024 में NDA की साटें हुई कम

बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 में एनडीए के नेताओं ने नारा दिया था- अबकी बार 400 पार। हालांकि लोकसभा चुनाव में NDA 400 का आंकड़ा नहीं छू पाई थी। लोकसभा चुनाव में एनडीए ने कुल 293 सीटें हासिल कीं, जिनमें बीजेपी को 240 सीटें मिलीं। 2019 लोकसभा चुनाव में एनडीए को 353 सीटें मिली थी। 2019 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले 2024 में एनडीए को कम सीटें मिली थी। अब आने वाले समय में 2029 का लोकसभा चुनाव भी है। 2029 लोकसभा चुनाव में एनडीए ज्यादा से ज्यादा सीट जीतना चाहेगा।

जल्द होगा बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव

गौरतलब है कि बीजेपी जल्द ही पार्टी अध्यक्ष के चुनाव की घोषणा कर सकती है। बता दें कि जनवरी में राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होना था, लेकिन अब तक आधा अप्रेल खत्म हो गया और अब तक पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं मिला। 

जेपी नड्डा का बढ़ा था कार्यकाल

जनवरी 2020 से जेपी नड्डा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में काम कर रहे हैं। उनका कार्यकाल जनवरी 2023 में खत्म हो गया था। लेकिन लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उनके कार्यकाल को बढ़ा दिया गया था। लोकसभा चुनाव के बाद जेपी नड्डा कैबिनेट मंत्री बन गए और बाद में कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने के चलते नए अध्यक्ष का चुनाव टल गया।

Hindi News / National News / बिहार चुनाव से पहले NDA में ‘प्रमुख’ बनाने की तैयारी, क्या नीतीश और चंद्रबाबू होंगे तैयार?

ट्रेंडिंग वीडियो