एक वन अधिकारियों ने बताया की शिवनेरी किले में रविवार को मधुमक्खियों के हमले में करीब 60 लोग घायल हो गए। घायलों में से 50 को नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया।
महान मराठा शासक छत्रपति शिवाजी महाराज का जन्म शिवनेरी किले में हुआ था। यह किला पुणे से करीब 90 किमी दूर जुन्नर तहसील में है। इस ऐतिहासिक स्थल को देखने के लिए हर दिन सैकड़ों लोग आते हैं।
जुन्नर वन रेंज के अधिकारी प्रदीप चव्हाण ने कहा, घटना किले में स्थित शिवई मंदिर के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवकों के एक समूह ने मधुमक्खियों के छत्ते पर पत्थर फेंके, जिसके बाद मधुमक्खियों ने हमला कर दिया।
अधिकारी के मुताबिक, करीब 60 आगंतुकों को मधुमक्खियों ने डंक मारा, जिनमें से 50 को अस्पताल में इलाज की जरूरत पड़ी। सौभाग्य से सभी पीड़ित खतरे से बाहर है और बाद में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।