फरह के एक गांव में मंगलवार दोपहर को साड़ी पहनकर युवक एक घर में घुस गया और विवाहिता से दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर युवक ने पेट्रोल छिड़क कर महिला को आग लगा दी थी। खुद छत से कूदने के चलते आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिये एसएन मेडिकल आगरा में भर्ती कराया था। बुधवार दोपहर महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि आरोपी युवक का इलाज चल रहा है।
पति ने दर्ज कराई नामजद रिपोर्ट, बढ़ेगी हत्या की धारा
पुलिस के मुताबिक, महिला के पति ने नामजद आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। इसमें आरोप लगाया है कि उसके बड़े भाई का साला उसकी पत्नी पर बुरी नजर रखता था। करीब छह माह पूर्व वह उसकी पत्नी को बहला फुसलाकर अपहरण कर ले गया था। इसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने पत्नी को बरामद कर उसकी (पति की) सुपुर्दगी में दे दिया था। अपने मंसूबों में असफल होने पर आरोपी उससे और पत्नी से रंजिश मानने लगा था। इसके चलते मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे साड़ी पहनकर महिला के भेष में घर में घुसा और पत्नी को अकेली देख बलात्कार के उद्देश्य से पकड़ लिया। इसका पत्नी ने विरोध कर शोर मचाया तो उसने बोतल से पत्नी के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डाल आग लगा दी। पत्नी की चीख सुन लोगों को आता देख आरोपी छत से भागने के प्रयास के दौरान छत से गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को आगरा एसएनएमसी में भर्ती कराया है।