सपा सुप्रीमो के कार्यक्रम में जमकर कटे पॉकेट, लाखों की चोरी का अनुमान
अखिलेश यादव का विमान कुशीनगर न उतरने की वजह से वापस गोरखपुर आया और लैंड किया। वे गोरखपुर से सड़क मार्ग से मदनी मस्जिद के पक्षकारों के घर होते हुए कप्तानगंज पहुंचे। यहां हो रहे कार्यक्रम में क्या खास, क्या आम सभी का जेबकतरों ने निशाना बनाया। पूर्व कैबिनेट मंत्री ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी, सपा नेता विजय यादव, कप्तानगंज से आए पिंटू यादव सहित दर्जन भर नेताओं, अधिकारियों ,आम लोगों के रुपए, कुछ लोगों के पर्स से जरूरी दस्तावेज भी गायब हुए। एक अनुमान के मुताबिक एक दर्जन से अधिक लोगों की जेब से पांच लाख रुपए से ज्यादा की चोरी हुई। इस कार्यक्रम में अधिकारियों के पॉकेट भी कटे।
कई कार्यक्रमों में शामिल होने पहुंचे थे कुशीनगर
अखिलेश यादव गोरखपुर से सड़क मार्ग से कुशीनगर पहुंचे। यहां उन्होंने मदनी मस्जिद के प्रमुख पक्षकार शाकिर अली खान को श्रद्धांजलि दी। शाकिर अली खान का 20 फरवरी को हार्ट अटैक से निधन हो गया था।शाकिर अली के परिवार से मिलने के बाद अखिलेश यादव पूर्व विधायक स्व. पूर्णमासी देहाती के घर श्राद्ध भोज में शामिल होने के लिए रवाना हुए। लेकिन रास्ते में सपा कार्यकर्ताओं ने उनका काफिला रोक लिया। उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद अखिलेश पूर्णमासी देहाती के घर पहुंचे।अखिलेश पूर्व विधायक के घर से करीब 20 मिनट रुके। वहां से वह पूर्व जिलाध्यक्ष सुकुरुल्लाह अंसारी के घर गए। पूर्व जिलाध्यक्ष सुकुरुल्लाह अंसारी की कुछ समय पहले हार्ट अटैक से मौत हो गई थी।