MP Weather News : पश्चिमी विक्षोभ के चलते एक बार फिर शहर का मौसम बदल रहा है। मंगलवार को बादलों की आवाजाही लगी रही। इसके चलते बढ़ती गर्मी पर ब्रेक लग गया। दिन व रात के तापमान में हल्की गिरावट हुई। मौसम विभाग की मानें तो बुधवार से अगले 3 दिन तक जबलपुर सहित संभाग के जिलों में बादल बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने इसकी चेतावनी जारी की है। इस दौरान हवा की रतार 40 से 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मंगलवार को बादलों के चलते दिन का अधिकतम तापमान हल्का गिरा। अधिकतम पारा 33.9 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 33.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री कम था। दिन में ज्यादा गर्मी महसूस नहीं हुई। वहीं रात में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री से 17 डिग्री तक उतर गया। यह सामान्य से दो डिग्री कम था। इसके चलते रात को मौसम सुहाना रहा।
MP Weather News : कई सिस्टम सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी राजस्थान व उससे लगे हरियाणा पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है उत्तर-पश्चिमी मध्यप्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में भी एक चक्रवात है। इससे मराठवाड़ा तक एक द्रोणिका बनी हुई है। जिससे हवा का रूख बदला हुआ है और नमी आ रही है। इसके असर से अगले तीन दिन तक बादल बारिश और तेज हवा का दौर चलेगा।
MP Weather Update
MP Weather News : लू से बचाव के लिए छांछ, ओआरएस घोल का उपयोग करें
● मध्यप्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लू के प्रकोप से बचने के लिए एडवायजरी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार मार्च से मई तक तापमान औसत से अधिक होने की संभावना है।
● एडवाइजरी के मुताबिक़ पानी, छांछ, ओआरएस का घोल या घर में बने पेय जैसे लस्सी, नीबू पानी, आम का पना का सेवन करने से लू से बचा जा सकता है। इसके साथ ही धूप में निकलते समय सिर ढककर रखना चाहिए। धूप में निकलते समय कपड़े, टोपी या छतरी का उपयोग कर सकते हैं।
● इसके अलावा अत्यधिक थकावट एवं शारीरिक खिंचाव का अनुभव होने की स्थिति में प्रभावित को अत्यधिक पसीना, कमजोरी, सिरदर्द, शरीर ठंडा और पीला पड़ जाने एवं नब्ज कमजोर पड़ जाने, मूर्छित हो जाने और उल्टी जैसे लक्षण होते हैं। ऐसे में उसे छायादार स्थल पर लिटा कर शरीर पर ठंडे और गीले कपड़े से स्पंजिंग करना चाहिए।
Hindi News / Jabalpur / MP Weather News : मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, तीन दिन तक तेज हवा, बारिश के आसार