IPL में प्रभसिमरन के 1000 रन पूरे
पंजाब किंग्स की ओपनिंग जोड़ी प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह ने अपनी टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाजों की जमकर धुनाई की। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने पावरप्ले में 56 रन कूट डाले। दोनों बल्लेबाजों के बीच 72 गेंद में 120 रन की साझेदारी हुई। पंजाब किंग्स को पहला झटका प्रियांश आर्या के तौर पर 11.5वें ओवर में लगा जब वह 35 गेंद में 8 चौके और 4 छक्के संग शानदार 69 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर बल्लेबाजी के लिए आए और प्रभसिमरन के साथ मिलकर पारी को बढ़ाते हुए दूसरे विकेट के लिए 16 गेंद में 40 रन जोड़े। प्रभसिमरन सिंह ने 49 गेंदों का सामना किया और 6 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के संग शानदार 83 रन बनाकर 14.3वें ओवर में आउट हुए। इस दौरान प्रभसिमरन ने आईपीएल में अपने एक हजार रन पूरे किए। उनके आउट होने के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाजों ने मुकाबले में वापसी की और पंजाब किंग्स के रन गति पर अंकुश लगाया।
ग्लेन मैक्सवेल ने फिर किया निराश
प्रभसिमरन के आउट होने के बाद श्रेयस अय्यर का साथ देने आए ग्लेन मैक्सवेल कुछ कमाल नहीं दिखा सके और 16.4वें ओवर में 8 गेंद का सामना करते हुए 1 चौके संग 7 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें वरुण चक्रवर्ती ने अपना शिकार बनाया। ग्लेन मैक्सवेल ने को वरुण चक्रवर्ती ने टी-20 क्रिकेट में 5वीं बार शिकार बनाया। ग्लेन मैक्सवेल के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अपने कप्तान श्रेयस अय्यर का साथ देने आए मार्को जानसेन को भी 3 रन के मामूली स्कोर पर वैभव अरोड़ा ने चलता कर पंजाब किंग्स को 18.3वें ओवर में चौथा झटका दिया। इसके बाद जोस इंग्लिस ने अपने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर टीम के स्कोर को 200 रन के पार पहुंचाया। इस तरह पंजाब किंग्स ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 201 रन बनाए।
वैभव अरोड़ा ने चटकाए सर्वाधिक 2 विकेट
कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से वैभव अरोड़ा सबसे सफल बॉलर के तौर पर उभरे। उन्होंने 4 ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि वरुण चक्रवर्ती और आंद्रे रसेल को 1-1 सफलता मिली। चेतन सकारिया, हर्षित राणा और सुनील नरेन कोई भी विकेट हासिल नहीं कर सके।