बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) द्वारा आयोजित इस खास प्रदर्शनी का आयोजन 7, 8 और 9 मार्च को किया जाएगा। बुधवार को बीडीए उपाध्यक्ष मणिकंडन ए. ने प्रेस कांफ्रेंस कर रामायण वाटिका और पुष्प प्रदर्शनी की तैयारियों की जानकारी दी।
वाटिका में बनेगा वर्टिकल गार्डन और रामसेतु
बीडीए उपाध्यक्ष मणिकंडन ए. ने बताया कि रामायण वाटिका में अब तक 45,000 से अधिक फूलों की प्रजातियाँ लगाई जा चुकी हैं और इन पर फूल खिलने लगे हैं। वाटिका में दस गोलाकार टॉवर बनाए गए हैं, जो वर्टिकल गार्डनिंग का शानदार उदाहरण पेश करेंगे। रामसेतु का प्रतिरूप बांस से तैयार किया गया है, जिसे रंग-बिरंगे फूलों से सजाया जाएगा। भगवान राम, सीता, जटायु और हनुमान के विशालकाय स्वरूप फूलों से बनाए जाएंगे, जिससे श्रद्धालु और पर्यटक इस भव्य वाटिका का आध्यात्मिक अनुभव कर सकें। नाथ नगरी का एहसास भी फूलों के माध्यम से कराया जाएगा। प्रदर्शनी में फूल इस प्रकार लगाए जाएंगे कि वे तीन दिन तक ताजे बने रहेंगे और उन्हें भव्य रोशनी से जगमग किया जाएगा।
भोलेनाथ के प्रतीक चिह्न भी फूलों से बनेंगे
वाटिका में पंपा सरोवर, सेंट्रल गार्डन और प्रवेश द्वार को भव्य रोशनी से सजाया जाएगा। रजनीगंधा के 20 क्विंटल से अधिक फूल भगवान के स्वरूपों को बनाने में उपयोग किए जाएंगे। भोलेनाथ और उनके प्रतीक चिह्न भी फूलों से तैयार किए जाएंगे, जिससे भक्तों को अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति होगी।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगी पुष्प प्रदर्शनी
इस आयोजन के माध्यम से बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) फ्लावर वीक की शुरुआत कर रहा है। बीडीए के सचिव योगेंद्र कुमार का कहना है कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से समाज में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली के प्रति जागरूकता को बढ़ावा दिया जाएगा।
बरेलीवासियों के लिए अनूठा अनुभव
बरेली के नागरिकों के लिए यह प्रदर्शनी एक अनोखा और भव्य अवसर होगी, जहाँ वे प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक आस्था का अनुभव कर सकेंगे। इस आयोजन को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए थीम-आधारित गार्डन, फोटो बूथ और डिजाइनर गार्डन भी लगाए जाएंगे, ताकि आगंतुक इस अनुभव को हमेशा याद रख सकें।
तीन दिन तक चलेगा सुगंधित महोत्सव
7, 8 और 9 मार्च को आयोजित होने वाली इस भव्य पुष्प प्रदर्शनी का हिस्सा बनने के लिए तैयार रहिए और प्रकृति की इस अनुपम छटा का आनंद उठाइए।