script26 ग्राम पंचायतों व पालिका पर विद्युत निगम के 2 करोड़ 31 लाख से अधिक बकाया, वसूली में छूट रहा पसीना | Patrika News
अलवर

26 ग्राम पंचायतों व पालिका पर विद्युत निगम के 2 करोड़ 31 लाख से अधिक बकाया, वसूली में छूट रहा पसीना

जिम्मेदारों को भुगतान के लिए कई दे चुके नाटिस, अब कनेक्शन काटने की दी चेतावनी

अलवरMar 21, 2025 / 08:15 pm

Ramkaran Katariya

मालाखेड़ा. विद्युत वितरण निगम मालाखेड़ा के अभियंता व कर्मचारियों को मार्च के माह में ही बकाया विद्युत बिलों की राशि वसूल करने में पसीना छूट रहा है। मालाखेड़ा विद्युत निगम सहायक अभियंता कार्यालय के अधीन 26 ग्राम पंचायतें तथा एक नगर पालिका है। इनमें जल जीवन मिशन तथा ग्राम पंचायत के खाते से करीब 326 सिंगल व 3 फेज के ट्यूबवेल पर फरवरी माह तक 2 करोड़ 58 लाख13 हजार 934 रुपए बकाया चल रहे थे। जहां प्रयास करने के बाद नगर पालिका व कुछ ग्राम पंचायतों से 26 लाख 38000 के करीब ही अभी तक बिल वसूली कर पाए हैं। आलम यह है कि अभी तक इन सरकारी कार्यालयों पर विद्युत निगम मालाखेड़ा के 2 करोड़ 31 लाख से अधिक बकाया चल रहा है।
जयपुर विद्युत वितरण निगम प्रदेश मुख्यालय, जिला मुख्यालय से टारगेट हासिल करने के लिए सहायक अभियंता मालाखेड़ा दिन-रात ग्राम पंचायत के प्रशासक और ग्राम विकास अधिकारी से बिल जमा करने का आग्रह कर रहे हैं। उनकाे पत्र भी दिया जा चुका है। बिल जमा नहीं होने पर विद्युत संबंध विच्छेद कर दिया जाएगा, यह चेतावनी भी दी जा चुकी है। अगर यह नौबत आई तो ग्रामीणों को पेयजल समस्या उत्पन्न होने पर संबंधित ग्राम पंचायत जिम्मेदार होगी। इसके पश्चात भी जिम्मेदार प्रशासक और ग्राम विकास अधिकारी, विकास अधिकारी व जिला परिषद के कर्मचारी कुंभकरणी नींद में हैं। विद्युत का उपभोग करने के पश्चात भी बिल का भुगतान नहीं हो रहा है।
बजट राशि का भी सदुपयोग नहीं

सूत्रों के अनुसार केंद्र राज्य सरकार के निर्देश के बाद भी राज्य वित्त तथा 15वें वित्त आयोग से स्वच्छता के कार्य व पेयजल व्यवस्था के लिए बजट राशि का सदुपयोग नहीं कर अन्य कार्यों में खर्च कर रहे हैं, जिसके चलते यह समस्या खड़ी हुई है। समय पर बिजली बिल का भुगतान नहीं होने से निगम का मार्च माह का लक्ष्य भी पूरा होता नजर नहीं आ रहा है। निगम की चेतावनी का भी कोई असर नहीं हो रहा है।
लापरवाही का खामियाजा भुगतते उपभोक्ता

नगर पालिका मालाखेड़ा क्षेत्र से जुड़े लोगों का कहना है कि जब पानी का बिल वसूल रहे हैं, तो समय पर विद्युत निगम को बिल जमा करना चाहिए। जिससे कनेक्शन कटने की नौबत नहीं आए। इसमें संबंधित की लापरवाही रहती है और खामियाजा नल उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ता है। इधर मामले में पंचायत समिति मालाखेड़ा में सरपंच संघ से जुड़े बच्चूसिंह, हजारीलाल मीणा, इमरान खान, सुनीता यादव, कुसमा चौधरी, भगवती देवी, जगदीश मीणा, धर्मेंद्र मीणा, मंगलसिंह चौधरी आदि ने बताया कि बिजली का बकाया बिल जमा करने का प्रयास किया जा रहा है। बैंक खाते में ऑनलाइन हस्ताक्षर तथा पहचान प्रमाणित होने हैं।
किस पर कितनी राशि बकाया

विद्युत निगम के सहायक अभियंता तनिष्क कुमार ने बताया ग्राम पंचायतों व नगर पालिका में जल जीवन मिशन योजना के 326 ट्यूबवेलों पर कनेक्शन दिए हुए हैं, जिन पर बिजली का उपभोग करने के बाद फरवरी माह तक 2 करोड़ 58 लाख 13 हजार 934 रुपए बकाया चल रहे हैं। इनमें सबसे अधिक राशि नगर पालिका मालाखेड़ा की तरफ 29 ट्यूबवेल पर 35 लाख 23 हजार 663 रुपए, महुआखुर्द ग्राम पंचायत के 20 ट्यूबवेल पर 12 लाख 40 हजार रुपए, नाथूला ग्राम पंचायत के 16 ट्यूबवेलों पर 13 लाख से अधिक राशि बकाया है। इसी प्रकार पृथ्वीपुर ग्राम पंचायत में 24 अक्टूबर से 22 लाख 76 हजार 46 रुपए बकाया चल रहे है। सालपुर ग्राम पंचायत के 23 ट्यूबवेल पर 17 लाख 95 हजार 130, चौमू ग्राम पंचायत में करीब 9 लाख 20 हजार, बरखेड़ा ग्राम पंचायत में करीब 12 लाख 13 हजार, ग्राम पंचायत बडेर पर 5 लाख 91 हजार 874, बालेता पर 3 लाख 74 हजार 921, बदीपुरा पर 5 लाख 63 हजार 935, बीजवाड़ नरूका पर 6 लाख 67 हजार 801, भड़कोल पर 7 लाख 84 हजार 891, भंडोडी पर 6 लाख 33 हजार 132, बिलंदी पर 8 लाख 07 हजार 906, ढाकपुरी पर 7 लाख 29 हजार, गुदपुर पर 40 हजार, हल्दीना पर 6 लाख 28 हजार, जमालपुर पर 11 लाख, केरवाड़ा पर 4 लाख 98 हजार, केरवावाल पर 5 लाख 26 हजार, कलसाड़ा पर 2 लाख 85 हजार, खारेडा पर 6 लाख 08 हजार 721, खेड़लीपिचानोत पर 2 लाख 92 हजार 947, लिली पर 3 लाख 21 हजार 916, मोहम्मदपुर पर 2 लाख 23 हजार 221, पाला पर 8 लाख 80 हजार, पुनखर पर 2 लाख 78 हजार 829, भंडोडी पर 6 लाख 33 हजार 132 रुपए का बिजली बिल बकाया चल रहा है।
……………

विद्युत संबंध विच्छेद कर दिया जाएगा

ग्राम पंचायतों में 326 व नगर पालिका में 29 ट्यूबवेलों पर बिजली बिल फरवरी से बकाया है। वसूली के लिए दिन-रात ग्राम पंचायतों के प्रशासक और ग्राम विकास अधिकारियों से बिल जमा करने का आग्रह कर रहे हैं। उनकाे पत्र भी दिया जा चुका है। बिल जमा नहीं होने पर विद्युत संबंध विच्छेद कर दिया जाएगा।
तनिष्क कुमार, सहायक अभियंता, विद्युत निगम, मालाखेड़ा।

Hindi News / Alwar / 26 ग्राम पंचायतों व पालिका पर विद्युत निगम के 2 करोड़ 31 लाख से अधिक बकाया, वसूली में छूट रहा पसीना

ट्रेंडिंग वीडियो