कुछ स्थानों पर बिना पानी के चल रहे कूलर,घरों से लाकर लगाया पंखा
शाहडोल•Jun 19, 2023 / 12:40 pm•
shubham singh
जिला चिकित्सालय में उमस भरी गर्मी से मरीज परेशान, बिना पानी के चल रहे कूलर एक्झास्ट भी बंद
शहडोल. जिला अस्पताल में भर्ती मरीज इन दिनोंं अपने मर्ज से ज्यादा उमस भरी गर्मी से परेशान हंै। वार्डो का तापमान इतना बढ़ गया है कि मरीजों को अपने घरों से पंखा लाकर लगाना पड़ा है। कहने को तो अस्पताल के सभी वार्डों में कूलर लगे हुए हैं। लेकिन बिना पानी के कूलर आग उगल रहे हैं। वार्डों के खिड़की व एक्झास्ट बंद होने से तापमान दोगुना हो गया है। अस्पताल प्रबंधन यह सब जान कर भी अनजान बना हुआ है। भीषण गर्मी में इन दिनों उल्टी, दस्त, बुखार व पेटदर्द से पीडि़त मरीजों की संख्या बढ़ गई है। पत्रिका टीम जब दोपहर पौने दो बजे जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों का हाल जानने पहुंची तो वार्ड में उमस भरी गर्मी से मरीज परेशान होते देखे गए।
मरीजों ने कहा, कूलर चालू नहीं किया जाता
अस्पताल के नए मेल सर्जिकल वार्ड में पंखे तो पर्याप्त लगे हुए हैं। पूरे वार्ड में सिर्फ एक कूलर लगाया गया है वह भी बंद था। उमस भरी गर्मी से निजात पाने मरीज घरों से पंखा लाकर लगाए हुए थे। मरीज रामगोपाल निवासी बकेली ने बताया कि वह हार्निया से पीडि़त है। १५ जून को ऑपरेशन के बाद से वह भर्ती है।
अस्पताल में कूलर तो लगाया गया है लेकिन चालू नहीं किया जाता है जिसके कारण घर से पंखा लाना पड़ा। समय लाल निवासी अरझुला ने बताया कि पाइल्स की शिकायत होने पर ऑपरेशन किया गया है। अस्पताल में उमस बहुत है जिसके कारण घर से पंखा लाकर लगाया है।
कुछ पंखे बंद हैं तो कुछ सिर्फ हिल रहे
अस्पताल के मेल मेडिकल वार्ड में अधिकांश मरीज उल्टी, दस्त, बुखार व सिरदर्द के भर्ती हैं। वार्ड में कुछ पंखों की स्पीड काफी कम है तो कुछ पंखे बंद पड़े हुए हैं। गर्मी से राहत पाने के लिए कूलर तो लगाए गए हैं। लेकिन बिना पानी के आग उगल रहे हैं। वार्ड में एक्झास्ट नहीं लगाया गया है। खिड़कियां बंद होने से तापमान दो गुना बढ़ गया है। जिसके कारण उमस से मरीज परेशान होते देखे गए।
आर्थो वार्ड में कूलर का पंप खराब
इसी तरह आर्थो वार्ड के मेल व फीमेल वार्ड में पंखे की रफ्तार काफी कम है। फीमेल वार्ड में बिना पानी के हाई स्पीड कूलर चलाया जा रहा है। जिसके कारण स्मेल व उमस से मरीज परेशान हो रहे हैं। मेल वार्ड में वार्ड में कूलर का पंप खराब हो जाने से बंद पड़ा हुआ है। एक्झास्ट नहीं होने से कमरे की गर्मी बाहर नहीं निकल पा रही है। जिसके कारण मरीज परेशान हो रहे हैं।
Hindi News / Shahdol / जिला चिकित्सालय में उमस भरी गर्मी से मरीज परेशान, बिना पानी के चल रहे कूलर एक्झास्ट भी बंद