मुहल्ला सराय निवासी साबिर पुत्र सलीम अपने मकान में आतिशबाजी की फैक्ट्री लगा रखा था। इस समय शादी का सीजन है और बडे पैमाने पर वह आतिशबाजी का निर्माण कार्य करा रहा था। शाम को अचानक से बारूद में आग लगी और विस्फोट हो गया। यह इतना जबरदस्त था कि मकान की छत उड़ गई।
महज कुछ ही पल में आसपास के राजेश, उवैश के मकान भी इस विस्फोट की वजह से जमींदोज हो गए। इस मकान से कुछ लोग बाहर निकल आए, जबकि कुछ के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। बगल का ही नासिर का मकान भी पूरी तरह से चटक चुका है। इसे खाली करा लिया गया है। आशंका है कि यह कभी भी गिर सकता है। बचाव कार्य के दौरान ही छह माह के मासूम ओम पुत्र मोनू का शव मलबे से बरामद हुआ। इसके साथ ही एक महिला सहित तीन शव बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, अभी तक 4 की मौत हुई है। अन्य लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पटाखा मालिक साबिर के खिलाफ FIR दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। रिहायशी एरिया में पटाखों का भंडारण किया गया था, जिसके चलते हादसा हुआ है। साबिर को घर में पटाखा रखने की परमिशन नहीं थी। आग पर काबू पा लिया गया है। मलबे को हटाया जा रहा है।