90 पैसे से ज्यादा ब्याज वसूलने वालों से रहेगा 36 का आंकड़ा, सात रुपए सैकड़ा काहे का ब्याज
अखिल भारतीय किसान सभा ने कलक्ट्रेट का घेराव कर जताया रोष, कलक्टर को सौंपा आठ सूत्री मांग पत्र, मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही नहीं होने पर आंदोलन को तेज करने की दी चेतावनी


All India Kisan Sabha expressed their anger by gheraoing the Collectorate and handed over an eight-point demand letter to the Collector
हनुमानगढ़. फाइनेंस कंपनियों की वसूली तथा मकानों की कुर्की के खिलाफ अखिल भारतीय किसान सभा तथा संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से सोमवार को कलक्ट्रेट का घेराव कर रोष जताया गया। संगठन के प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलक्टर कानाराम को आठ सूत्री मांग पत्र सौंप शीघ्र सकारात्मक कार्यवाही की मांग की। अवैध ढंग से वसूली तथा कुर्की बंद नहीं करने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई।
इससे पूर्व धरना स्थल पर आयोजित सभा में अखिल भारतीय किसान सभा के जिलाध्यक्ष पूर्व विधायक बलवान पूनिया ने कहा कि फाइनेंस कंपनियां मूलधन से ज्यादा रकम भरने के बावजूद कई गुणा पैसे लोगों से वसूल रही है। एक भी किश्त ड्यू रहने पर पेनल्टी व कई गुणा ब्याज वसूला जाता है। इस चक्रव्यूह में कर्जदाता फंसता ही चला जाता है। ऐसे में उसका मकान हड़पने के लिए कुर्की की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। कुर्की के लिए जिला कलक्टर से आदेश प्राप्त किए जा रहे हैं। पुलिस मौके पर मौजूद रहकर घरों को कुर्क करवा रही है। जिला प्रशासन कुर्की पूर्ण रूप से बंद करे। यदि ऐसा नहीं हुआ तो इसके खिलाफ मजबूती से लड़ा जाएगा। पूर्व विधायक ने सिंचाई पानी नहीं मिलने की समस्या उठाते हुए इसे सरकार की विफलता बताया।
किसान सभा के महासचिव मंगेज चौधरी ने कहा कि जिले में फाइनेंस कंपनियां 6-7 रुपए सैकड़ा तक ब्याज वसूल कर किसान-मजदूर को लूट रही है। 90 पैसे से अधिक जो भी कंपनी ब्याज वसूलेगी, उसके खिलाफ हम खड़े रहेंगे। ऐसी कंपनियों को ब्लैकलिस्ट किया जाए। जिला कलक्टर ने अपने एक साल के कार्यकाल में 40 से अधिक घरों को कुर्क करने का आदेश दिया है। ऐसे किसान व मजदूर विरोधी फैसलों पर तत्काल रोक लगाई जाए। ऐसा नहीं किया गया तो तुम ताले लगाते रहो, जनता ताले तोड़ती रहेगी। सभा में रामेश्वर वर्मा, रघुवीर वर्मा, सुरेन्द्र शर्मा, आत्मा सिंह, सरपंच रमनदीप कौर आदि वक्ताओं ने कहा कि लोन देते समय फाइल चार्ज के नाम पर अनावश्यक धन वसूली को रोका जाए और फाइनेंस कंपनियों के कर्मचारियों को किसानों के घरों में जबरन घुसने से प्रतिबंधित किया जाए। सभा में आत्मा सिंह, सरपंच रमनदीप कौर, शेर सिंह शाक्य, चरनप्रीत सिंह चन्नी, मनीराम मेघवाल, रामेश्वर चावरिया, केशव परचार्य, कुलदीप सरपंच, गोपाल बिश्नोई, राजेश डूडी, अवतार सिंह बराड़, हनुमान शर्मा, चरनप्रीत बर, कुलदीप चाहल, अनिल चौधरी, सुरेंद्र शर्मा, सुभाष मक्कासर, सरपंच बलदेव सिंह, बहादुर सिंह चौहान, मोहन लौहरा, वेद मक्कासर, सुरेश जोड़कियां आदि ने भी विचार व्यक्त किए।
लूट हो बंद, शर्तें बताओ हिन्दी में
- घरों व जमीनों की कुर्की पर तुरंत प्रभाव से रोक लगे।
- 90 पैसे प्रति सैकड़ा से ज्यादा ब्याज लेने वाली फाइनेंस कंपनी को ब्लैकलिस्ट किया जाए।
- एनपीए खातों का रिसेटलमेंट किया जाए।
- कोविड में किश्तों पर लगाई गई पेनल्टी हटे।
- लोन लेते समय फाइल चार्ज की लूट हो बंद।
- फाइनेंस कम्पनियों के कर्मचारियों के घरों में घुसने पर रोक लगे।
- लोन के नियम व शर्तें हिन्दी में सरल भाषा में लिखे जाए।
- किसान नेताओं पर ताले तोडऩे के दर्ज मुकदमे वापिस लिए जाए।
Hindi News / News Bulletin / 90 पैसे से ज्यादा ब्याज वसूलने वालों से रहेगा 36 का आंकड़ा, सात रुपए सैकड़ा काहे का ब्याज