scriptअखिलेश यादव का BJP पर चौतफरा वार, कहा-  भाजपा आपदा में सियासत के अवसर ढूंढती है  | Akhilesh Yadav on BJP on Pahalgam Attack | Patrika News
लखनऊ

अखिलेश यादव का BJP पर चौतफरा वार, कहा-  भाजपा आपदा में सियासत के अवसर ढूंढती है 

Jammu Kashmir Pahalgam Terror Attack: कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर कई सवाल उठाए हैं। आइए बताते हैं अखिलेश यादव ने क्या कहा ? 

लखनऊApr 23, 2025 / 03:08 pm

Nishant Kumar

Pahalgam

Akhilesh Yadav on Pahalgam Terror attack

Pahalgam Terror Attack: कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद मौजूदा भाजपा सरकार पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। विपक्षी पार्टियां हो या आम जनता सभी सरकार पर सुरक्षा में चूक के कारण पूछ रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस आतंकी हमले के विरोध में लोगों का रोष दिखाई दे रहा है। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्नौज से लोकसभा सांसद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘X’ पर पोस्ट लिख कर भारतीय जनता पार्टी पर सवाल दागें। 

अखिलेश यादव ने क्या कहा ? 

अखिलेश यादव ने लिखा कि भाजपा ने जम्मू-कश्मीर के बेहद दर्दनाक हादसे पर बचकाना विज्ञापन छापकर साबित कर दिया है कि भाजपाइयों की संवेदना उनके प्रति शून्य है, जिन्होंने अपना जीवन खोया है और जिनके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। भाजपा अब ये विज्ञापन हटवा भी देगी तो भी उसका ये पाप उसके कट्टर समर्थक तक माफ नहीं करेंगे। भाजपा हमेशा आपदा में अपनी सत्ता और सियासत के लिए अवसर ढूंढती है। भाजपा अपनी सत्ता के सिवा किसी की सगी नहीं है। घोर निंदनीय!

ये केंद्र की सरकार की नाकामी है

अखिलेश ने आगे लिखा कि जब जम्मू-कश्मीर में भाजपा सरकार ने सब कुछ अपने मन मुताबिक किया है तो वो इतने अधिक लोगों की असामयिक मौत के लिए अपनी जिम्मेदारी से पल्ला नहीं झाड़ सकती। ये केंद्र की सरकार की नाकामी है कि वो पहले से पता नहीं कर पायी कि देश के दुश्मन इतनी वीभत्स घटना को अंजाम देनेवाले हैं। ये कोई पहली बार नहीं हुआ है, भाजपा सरकार ने अगर पिछले हमलों से सबक लिया होता तो वो पहले से ही सचेत-सजग रहती और ऐसे हमलों को रोका जा सकता था, लोगों के जीवन को बचाया जा सकता था।

सुरक्षा पर सवाल  

अखिलेश ने आगे लिखा कि संवेदनहीन भाजपाइयों से आग्रह है कि जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, उनका दुख-दर्द समझकर कम-से-कम देश की सुरक्षा को तो जुमला न बनाएं। ये असीम दुख की घड़ी है, इसको भाजपाई दिखावटी बैठकों से और झूठी संवेदनाओं से झुठलाने का कुकृत्य न करें। भाजपाइयों और उनके संगी-साथियों के खिलाफ देश भर के करोड़ों लोगों के मन में उठ रहा, ‘गहरे दुख, रोष और क्रोध से भरा’ ये आक्रोशित सवाल गलत नहीं है कि ‘अगर भाजपाई और उनके संगी-साथी देश भर के पर्यटकों को जम्मू-कश्मीर के भ्रमण पर जाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं तो उनकी सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध पहले से क्यों नहीं किये गये’? 
यह भी पढ़ें

पहलगाम आतंकी हमला: कांग्रेस महासचिव ने जताया दुख, अब प्रधानमंत्री मोदी नहीं आएंगे कानपुर

भाजपा सरकार की रणनीतिक चूक भी है

अखिलेश यादव ने आगे लिखा कि जहां हमला हुआ वो स्थान कोई निर्जन स्थान नहीं था बल्कि एक चर्चित पर्यटन स्थल था, तब ही तो वहां देश के कई प्रदेशों के पर्यटक उपस्थित थे।  इतने प्रसिद्ध स्थान पर सुरक्षा के लिए बैठकें पहले करनी थी, लोगों के जीवन गँवाने के बाद नहीं।  ये भाजपा सरकार की रणनीतिक चूक भी है लेकिन इससे उन भाजपाइयों को क्या फर्क पड़ता है जो स्वयं तो सुरक्षा के कई घेरों में चलते हैं लेकिन देशवासियों को मौत के मुंह में ढकेल देते हैं।

अखिलेश ने भाजपा पर दागे सवाल 

अगर भाजपा सरकार ये बहाना करती है कि हमारे पास सुरक्षा बलों की कमी है, तो इसके लिए भी भाजपा सरकार ही जिम्मेदार है। सुरक्षा बलों की संख्या घटाकर, दोयम दर्जे के सुरक्षा उपकरणों, अस्त्र-शस्त्र व युद्ध वाहनों को खरीदकर और अग्निवीर जैसी योजनाएं लाकर भाजपा देश की सुरक्षा से जो समझौता कर रही है, वो क्षम्य नहीं है। इस घटना के प्रतिशोध का कोई भी दावा, अब जनता को बहका नहीं सकता क्योंकि कोई भी प्रतिक्रिया, मृतकों के जीवन को वापस नहीं ला सकती है। जिस परिवार ने जो खो दिया, सो खो दिया। 
यह भी पढ़ें

PahalgamAttack: नाम पूछा फिर सिर में मारी गोली, परिवार के साथ कश्मीर घूमने गए थे शुभम

BJP पर लगाए गंभीर आरोप 

सच तो ये है कि न तो देश की आजादी में भाजपाई और उनके संगी-साथियों ने कोई योगदान दिया न वो देश की आजादी को बचाने में कोई योगदान दे रहे हैं। लाख माफी मांगने पर भी भाजपाइयों और उनके संगी-साथियों को न तो हमारे भारत देश का इतिहास माफ करेगा, न भविष्य। दुख की इस घड़ी में हमारी सच्ची संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपनों को खोया है। श्रद्धांजलि!

Hindi News / Lucknow / अखिलेश यादव का BJP पर चौतफरा वार, कहा-  भाजपा आपदा में सियासत के अवसर ढूंढती है 

ट्रेंडिंग वीडियो