scriptHeatwave : अप्रेल में ही जानलेवा बनने लगी गर्मी… आसमान से बरस रहे शोले | Heatwave: The heat started becoming deadly in April itself… flames raining from the sky | Patrika News
जयपुर

Heatwave : अप्रेल में ही जानलेवा बनने लगी गर्मी… आसमान से बरस रहे शोले

प्रदेश में इस बार अप्रेल माह में ही पारा रिकॉर्ड तोड़ स्तर पर पहुंचने लगा है,पहले पखवाड़े में ही कई शहर लू की चपेट में हैं और आगामी दिनों में भीषण गर्मी का असर बढ़ने की आशंका मौसम विभाग जता रहा है

जयपुरApr 09, 2025 / 07:51 am

anand yadav

Heatwave Alert
जयपुर। राजस्थान में सूर्यदेव आग उगल रहे हैं। माना जा रहा है कि आज और कल प्रदेश के अधिकांश शहरों में पारा नए रेकॉर्ड तोड़ेगा। प्रदेश के पश्चिमी मैदानी इलाकों में लू का प्रकोप जारी है और आगामी दिनों में भी भीषण जानलेवा गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद फिलहाल नजर नहीं आ रही है। हालांकि मौसम विभाग ने 10 और 11 अप्रेल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना जताई है जिसके प्रभाव से प्रदेश के उत्तर और पश्चिम के कुछ भागों में तेज अंधड़ चलने और मेघगर्जन के साथ कुूछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। जिसके असर से कुछ शहरों में पारे में आंशिक गिरावट गर्मी से राहत पाने में थोड़ी मददगार साबित हो सकती है।
पिंकसिटी में सीजन का सबसे गर्म दिन

राजधानी जयपुर भी भीषण गर्मी की चपेट में है। शहर में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी किए गए आंकड़े के अनुसार बीते बुधवार को शहर में इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा और अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस ​दर्ज हुआ। पिछले दस साल में अप्रेल माह में जयपुर में अधिकतम तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव रहा, लेकिन इस बार एंटी साइक्लोन सक्रिय होने पर अप्रेल माह के पहले पखवाड़े में ही पारा 40 ​डिग्री पार चला गया है और आगामी दिनों में भी तापमान में रेकॉर्ड बढ़ोतरी की आशंका है।
जयपुर में अप्रेल माह में पारे का हाल

राजधानी जयपुर में इस साल अप्रेल माह में बीते बुधवार को सर्वाधिक तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अप्रेल माह में 2024 में जयपुर का अधिकतम तापमान 25 अप्रैल को 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले साल यानी 2023 की तुलना में कुछ कम रहा। 2023 में यह तापमान 40.0 डिग्री तक पहुंच गया था। वर्ष 2022 और 2021 में यह क्रमश: 43.1 और 42.6 डिग्री तक दर्ज हो चुका है। अप्रेल माह में सबसे अधिक तापमान की बात करें तो वर्ष 2015 में 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 2017 और 2018 में भी तापमान क्रमश: 43.3 और 44.2 डिग्री तक पहुंचा। हालांकि अब तक का सर्वाधिक तापमान रिकॉर्ड 27 अप्रैल 1958 का है, जब तापमान 44.9 डिग्री तक पहुंच गया था।
अप्रैल माह में जयपुर का अधिकतम तापमान (2015–2024)
वर्ष अधिकतम तापमान (℃) तारीख
2024 39.6 25 अप्रैल 2024
2023 40.0 18 अप्रैल 2023
2022 43.1 28 अप्रैल 2022
2021 42.6 29 अप्रैल 2021
2020 40.2 14, 16 अप्रैल 2020
2019 42.8 23 अप्रैल 2019
2018 44.2 30 अप्रैल 2018
2017 43.3 21 अप्रैल 2017
2016 41.6 29, 30 अप्रैल 2016
2015 43.6 30 अप्रैल 2015
रिकॉर्ड 44.9 27 अप्रैल 1958

Hindi News / Jaipur / Heatwave : अप्रेल में ही जानलेवा बनने लगी गर्मी… आसमान से बरस रहे शोले

ट्रेंडिंग वीडियो