मौसम विभाग की नई चेतावनी, तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट, पढ़ें ताजा पूर्वानुमान
MP Rain Alert: ग्वालियर, मुरैना, दतिया, भिंड, श्योपुर, शिवपुरी में दिन का तापमान 43 से -44 डिग्री सेल्सियस तापमान किया जा सकता है दर्ज, अब 6 जिलों में हीटवेव्ज का अलर्ट जारी, 11 को बादल छाने और 12 को बारिश की नई चेतावनी जारी, मौसम विभाग ने बताया पूर्वानुमान…
MP Rain Alert: राजस्थान से आ रही गर्म हवा की वजह से ग्वालियर-चंबल संभाग तपने लगा है। मौसम विभाग ने 9 अप्रेल को 6 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। ग्वालियर, मुरैना, दतिया, भिंड, श्योपुर, शिवपुरी में दिन का तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हो सकता है। भीषण गर्मी 3 दिन रहने वाली है। दिन की गर्मी का असर रात में भी दिखने लगा है। अब रात में गर्मी हो गई है। अचानक गर्मी बढऩे से शहर में एसी व कूलर चालू हो गए हैं। वहीं अब मौसम विभाग ने नई चेतावनी जारी की है। जिसके बाद शुक्रवार को फिर से मौसम बदलेगा और बारिश का दौर चलेगा।
दरअसल राजस्थान व गुजरात गर्मी से तप रहे हैं। इन राज्यों से आने वाली पश्चिमी हवा अपने साथ तपन लेकर आ रही है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी हो गई है। मंगलवार को शहर का तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इस कारण दिन में हीटवेव जैसा अहसास हुआ। गर्मी के कारण शहर में व्यस्ततम सडक़ों पर लोगों की भीड़ कम रही। सूर्य अस्त के बाद भी गर्म हवा चली। न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
इसलिए बढ़ी गर्मी की रफ्तार
जम्मू कश्मीर में नया पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। राजस्थान से लेकर विदर्भ तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। इस कारण राजस्थान की गर्म हवा की रफ्तार बढ़ गई है।
अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से नमी नहीं आ रही है, जिससे बादल नहीं छा पा रहे हैं। सूरज की किरणें सीधे धरती पर पड़ रही हैं।
पिछले दो दिनों से हो रही तपन के कारण धरती तप गई है। इस वजह से गर्मी और बढे़गी।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार सिंह ने बताया की आज लू चलने के आसार हैं। पारा 43 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है। जबकि गुरुवार से दिन में तेज हवाएं चल सकती हैं, तो शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे। 12 अप्रैल को हल्की बारिश (Rain Alert) की नई चेतावनी जारी की गई है।