scriptरजिस्ट्री…11 महीने में 177 करोड़ का राजस्व,शेष 51 करोड़ के लिए मशक्कत | Patrika News
छिंदवाड़ा

रजिस्ट्री…11 महीने में 177 करोड़ का राजस्व,शेष 51 करोड़ के लिए मशक्कत

गले वित्तीय वर्ष से संपत्ति मूल्य वृद्धि के प्रस्ताव से प्रापर्टी की खरीदी-बिक्री तेज

छिंदवाड़ाMar 04, 2025 / 11:32 am

manohar soni

एक अप्रेल से लागू हो रहे नए वित्तीय वर्ष 2025-26 की नई कलेक्टर संपत्ति मूल्य गाइड लाइन में मूल्यवृद्धि की संभावना बढ़ गई है। इस चालू वित्तीय वर्ष 2024-25 के 11 महीने में पंजीयन विभाग 177 करोड़ रुपए का राजस्व हासिल कर चुका है। उसे मार्च में 51 करोड़ रुपए हासिल करने खासा दम-खम लगाना पड़ेगा।

पंजीयन विभाग के अनुसार इस वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रदेश स्तर से छिंदवाड़ा-पांढुर्ना जिले का राजस्व लक्ष्य 228 करोड़ रुपए तय किया गया था। इनमें बीती 28 फरवरी तक 177 करोड़ रुपए हासिल किए जा चुके हैं। इस अवधि में गत वर्ष 155 करोड़ रुपए पंजीयन का राजस्व मिला था। मौजूदा राजस्व में यह 15 प्रतिशत की वृद्धि है। पंजीयन अधिकारी मान रहे हैं कि अप्रेल में संपत्ति गाइड लाइन मूल्यवृद्धि के चलते मार्च में अक्सर लोग प्रापर्टी के सौदों के पंजीयन कराते हैं। ऐसे में सालाना राजस्व लक्ष्य आसानी से प्राप्त हो जाएगा। इसके लिए सरकार ने शनिवार-रविवार भी उप पंजीयक कार्यालय खोलने का फैसला किया है। माह में ये आठ दिन भी राजस्व प्राप्ति में मदद करेंगे।

समितियों से नहीं मिले प्रस्ताव,तय नहीं हुई बैठक
महानिरीक्षक पंजीयन का पत्र के आधार पर जिला पंजीयक ने उपमूल्यांकन समितियों से संपत्ति मूल्य गाइड लाइन के प्रस्ताव मांगे हैं लेकिन ये अभी तक जिला संपत्ति मूल्यांकन समिति को प्राप्त नहीं हुए है। इससे जिला मूल्यांकन समिति की बैठक तय नहीं हो पाई है। हालांकि अधिकारी कह रहे हैं कि पंजीयन विभाग के पास शहर सहित जिले में 3375 लोकेशन है, जिसमें से कुछ नए लोकेशन जोड़ी जाएगी। नई लोकेशन चिन्हित की जाएंगी। जिले में 80 लोकेशन का प्रस्ताव पहले से ही तैयार है, जिसे पिछली छमाही में लागू नहीं किया गया था। नए वित्त वर्ष के लिए फिर से सभी लोकेशन की संपत्ति के बाजार मूल्य को देखा जाएगा। नई गाइड लाइन तय की जाएगी।

इनका कहना है…
इस चालू वित्तीय वर्ष 2024-25 में 228 करोड़ के सालाना लक्ष्य पर अब तक 177 करोड़ रुपए मिल चुके हैं। शेष लक्ष्य के लिए प्रयासरत है। नए वित्तीय वर्ष की गाइड लाइन तैयार करने उपमूल्यांकन समितियों से प्रस्ताव नहीं मिले हैं। इसके मिलते ही जिला मूल्यांकन समिति की बैठक होगी।
-उपेन्द्र झा, जिला पंजीयक।
…..

Hindi News / Chhindwara / रजिस्ट्री…11 महीने में 177 करोड़ का राजस्व,शेष 51 करोड़ के लिए मशक्कत

ट्रेंडिंग वीडियो