MANIT के छात्रों के बीमार हो जाने की खबर मिलते ही प्रबंधन में हड़कंप मच गया। यहां के कई छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ी, कई स्टूडेंट बेसुध मिले। खाना खाने के बाद 20 से 25 छात्र छात्राओं का यह हाल हुआ।
सभी प्रभावित छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया
घटना के बाद मैनिट प्रबंधन ने सभी प्रभावित छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया। उनका इलाज अभी जारी है। जानकारी के मुताबिक फूड प्वाइजनिंग की वजह से स्टूडेेंट की तबीयत बिगड़ी।
पुराना और खराब भोजन दिया
कई छात्रों ने बताया कि मैनिट में पुराना और खराब भोजन दिया गया जिसे खाते ही तबीयत बिगड़ गई है। हालांकि इस मामले में अब तक मैनिट प्रबंधन ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। फिलहाल प्रबंधन छात्रों के इलाज कराने और उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रहा है। छात्रों ने मैनिट में खराब खाना परोसने का आरोप लगाया है। मेनिट में शुक्रवार शाम और शनिवार सुबह परोसे गए भोजन के बाद छात्रों की तबीयत बिगड़ी। करीब 30 छात्रों को उल्टी, पेट दर्द और सिर दर्द की शिकायत हुई, कई स्टूडेंट बेसुध से हो गए। प्रभावित छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
इधर MANIT प्रबंधन ने कहा है कि सिर्फ 15 छात्रों की तबियत खराब हुई। डॉक्टरों का कहना है कि यह फूड प्वाइजनिंग का मामला हो सकता है। बॉयज हॉस्टल-4 के छात्रों के फूड पॉइजनिंग का शिकार होने की सूचना के बाद खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने मेस का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित किए। चावल, तुअर दाल, आटा, बेसन, पनीर और सब्जी आदि नमूने लैब में जांच के लिए भेजे गए हैं।
छात्र विजय कुमार ने बताया कि शनिवार रात में कई छात्रों की तबीयत बिगड़ गई जिन्हें आसपास के अस्पतालों में ले जाया गया। इस दिन सुबह सभी ने नाश्ते में आलू के पराठे और दोपहर में आलू की सब्जी खाई थी। इसी से तबीयत बिगड़ने की आशंका है।