रामलीला कमेटी के गुस्साए लोग सड़क पर बैठे
फरीदपुर में आदर्श रामलीला कमेटी की ओर से रामनवमी शोभायात्रा निकाली जाती है। सोमवार को भाजपा जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह ने सीएस इंटर कॉलेज ग्राउंड से शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शोभायात्रा में कुछ लोग बुलडोजर पर सवार होकर निकले। यह देख पुलिस ने नई परंपरा बताकर उसे रोक दिया। इससे गुस्साए लोग स्टेशन रोड पर बैठ गए। बुलडोजर निकालने पर अड़ गए। सड़क पर झाकियां खड़ी कर दीं।
जिलाध्यक्ष और अफसरों के बीच हुई नोकझोंक
सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। भाजपा जिलाध्यक्ष आंवला आदेश प्रताप सिंह व कमेटी के लोगों की अफसरों से जमकर नोकझोंक हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि वह खुद बुलडोजर पर सवार होकर शोभायात्रा के आगे चलेंगे। कोई विवाद नहीं होने देंगे। डेढ़ घंटे तक हंगामा होता रहा। बाद में बुलडोजर निकालने की सहमति पर मामला शांत हुआ। इसके बाद शोभायात्रा आगे बढ़ी। इस दौरान भारी फोर्स तैनात रहा।