बारात में लड़कियों से छेड़खानी के बाद जगन्नाथपुर में बवाल, चाकू और ब्लेड चले, कई युवा घायल
बालोद जिले के ग्राम जगन्नाथपुर में रविवार रात बारात के दौरान जमकर बवाल हो गया। एक परिवार में दो लड़कियों की शादी हो रही थी। चंदखुरी (दुर्ग) और ग्राम कोकड़ी (दुर्ग) से अलग-अलग बारात आई थी। दोनों ही दूल्हे पक्ष ने डीजे लगाया था। डीजे में लोग जमकर डांस कर रहे थे।
बालोद जिले के ग्राम जगन्नाथपुर में रविवार रात बारात के दौरान जमकर बवाल हो गया। एक परिवार में दो लड़कियों की शादी हो रही थी। चंदखुरी (दुर्ग) और ग्राम कोकड़ी (दुर्ग) से अलग-अलग बारात आई थी। दोनों ही दूल्हे पक्ष ने डीजे लगाया था। डीजे में लोग जमकर डांस कर रहे थे। बारात आई लड़कियां भी थिरक रही थीं। इस बीच नशे में चूर कुछ युवाओं ने लड़कियों के साथ छेडख़ानी जैसी हरकत किए जाने की चर्चा है, जिससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए और धक्का मुक्की के साथ मारपीट शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ी कि देखते-देखते चाकू और ब्लेड से हमला करना शुरू हो गया।
नशे में सब एक दूसरे को मार रहे थे। बारात में आई गाडिय़ों के कांच तोड़ दिए गए। चंदखुरी के दूल्हे की गाड़ी में भी तोडफ़ोड़ की गई। हालत बिगड़ते देख दूसरे दूल्हे ने बालोद पुलिस थाने पहुंचकर अपनी जान बचाई। बलवा की स्थिति बनते देख ग्रामीणों ने पुलिस को खबर दी। एक डरा सहमा दूल्हा थाना पहुंचा तो पुलिस भी तत्काल अलर्ट हो गई। रात में सहायक उप निरीक्षक बिहारी राम ध्रुव, आरक्षक मोहन कोकिला, आरक्षक बनवाली साहू हालात काबू करने और शांति व्यवस्था बनाने पहुंचे। उनके पहुंचने तक विवाद थम गया था। दोनों दूल्हे और उनके परिजन डरे हुए थे। इसलिए पुलिस की सुरक्षा के बीच शादी कराई गई।
घायलों को घटना के बारे में कुछ भी याद नहीं
इधर घायल युवकों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सांकरा ज में उपचार के लिए पुलिस की गाड़ी से ही ले जाया गया। जगन्नाथपुर के ही दो-तीन युवकों का सिर फटा हुआ है। दूसरे दिन घटना के संबंध में पूछने पर घायल कुछ भी याद न होने की बात कहने लगे। जानकारी के अनुसार चंदखुरी से आए कार सवार बाराती चाकूबाजी की घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। इधर कोकड़ी से आए बाराती भी हालातों को देखते हुए वधु के घर जाने तैयार नहीं थे। वे बस में ही बैठे रहे। पुलिस पहुंची तो बिना खाना खाए बाराती लेकर बस चली गई।
गांव में रविवार को तीन-तीन बारात आई हुई थी तो वहीं बाराती सहित गांव के लोग भी शराब के नशे में चूर नजर आ रहे थे। डीजे पर जमकर डांस चल रहा था और इस बीच यह घटना हो गई।
एक दूल्हा जान बचाकर बालोद थाने पहुंचा तो दूसरा दूल्हा अपनी दुल्हन के घर के पास पहुंचा तो उसे गाड़ी से उतरने नहीं दिया जा रहा था।
दूल्हे को गाड़ी से उतरने नहीं दे रहे थे
एक दूल्हा जान बचाकर बालोद थाने पहुंचा तो दूसरा दूल्हा अपनी दुल्हन के घर के पास पहुंचा तो उसे गाड़ी से उतरने नहीं दिया जा रहा था। गांव के लोग दूल्हे और ड्राइवर को मारने को आतुर थे। जिस गाड़ी में दूल्हा सवार था, उसके मालिक ने कहा कि गाड़ी में तोडफ़ोड़ हुई है। दूल्हे को बाहर निकालता तो गांव वाले दूल्हे और ड्राइवर को तो पीटते। दूल्हा भी पुलिस आने पर गाड़ी से उतरने की बात पर अड़ा रहा। महिलाओं की समझाइश के बाद दूल्हे की गाड़ी को अंदर गली में घुसाते हुए मंडप के पास ले जाकर सुरक्षित उतारा गया और आगे की रस्में शुरू की गई। पुलिस टीम पहुंचने के बाद थाने पहुंचे दूल्हे को भी सुरक्षित शादी घर में लाया गया और शादी कराई गई।
जमकर बिकी अवैध शराब, नशे के कारण बिगड़े हालात
जगन्नाथपुर में बारात आने के बाद जमकर अवैध शराब की बिक्री हुई थी। बाराती सहित स्थानीय ग्रामीण भी कोचियों से शराब खरीदने और जाम छलकाने में मशगूल थे। डीजे गली भ्रमण में निकला तो कई लोग नशे में चूर होकर डांस कर रहे थे और यही कारण था कि मामला चाकू बाजी और ब्लेड वार तक पहुंच गया। हालत बिगड़ गए। सरपंच पति दौलत कोसमा ने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि यही वजह है कि हम गांव में शराब दुकान खोलने की अनुमति नहीं देना चाहते हैं। अवैध शराब बिक्री पर भी पाबंदी लगाने का प्रयास कर रहे हैं।
शादी कार्यक्रम में हुआ था कुछ विवाद
जनपद सदस्य पति सुभाष हरदेल भी मौके पर स्थिति संभालने के लिए पहुंचे थे। इधर थाना प्रभारी रविशंकर पांडेय ने कहा कि जगन्नाथपुर में शादी कार्यक्रम में कुछ विवाद हुआ था और विवाद के चलते ही एक दूल्हा थाने में आया था। हमने पुलिस बल भेजा और शादी हुई।
शराब की बोतल सिर पर रखकर डांस कर रहे थे युवक
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के कुछ युवक तो शराब की बोतल सिर पर रखकर डीजे के धुन पर डांस कर रहे थे। इस घटना से गांव के जागरूक युवक और महिलाएं चिंतिंत है कि अभी अवैध शराब बिक्री पर यह हाल है तो गांव में शराब दुकान खुल जाती है तो स्थिति क्या होगी।
Hindi News / Balod / बारात में लड़कियों से छेड़खानी के बाद जगन्नाथपुर में बवाल, चाकू और ब्लेड चले, कई युवा घायल