आधा सैकड़ा से अधिक जगह जली होली
मुख्यालय में आधा सैकड़ा से अधिक जगहों पर होली जलाई गई। एक दूसरे को गुलाल का तिलक लगाकर होली पर्व की बधाईयां दी गई। शहर के सभी 33 वार्डो में सार्वजनिक रूप से चौक चौराहों के अलावा गली मोहल्लों में भी बच्चों व युवाओं की टोली ने होलिका दहन किया। इस दौरान बार्ड परीक्षा को लेकर जारी किए गए निर्देशों का ध्यान भी रखा गया। लाउड स्पीकर व डीजे का उपयोग कम ही स्थानों पर किया गया।
बस स्टैंड पर रही भीड़
होली पर्व को लेकर गुरूवार के दिन भी शहर के बस स्टैंड में खासी भीड़ देखी गई। जिले से बाहर कमाने खाने गए लोग पर्व को लेकर अपने गृह जिले अपने स्नेही व परिजनों के साथ होली मनाने लौटे। सुबह से बस स्टैंड में शुरू हुई चहल पहल दोपहर बाद भीड़ में तब्दील होते देखी गई। हालाकि अवंतीबाई चौक, भटेरा चौकी रेलवे क्रांसिग सहित अन्य स्थानों पर पुलिस गस्ती ने आवागमन सुलभ बनाने में मदद की। इस कारण जाम जैसी स्थिति नहीं हुई। हालाकि त्योहारी सीजन में बस मालिकों द्वारा अधिक किराया लिए जाने के समाचार प्राप्त हुए।
महंगाई का दिखा असर
होली पर्व पर महंगाई का असर भी दिखाई दिया। बाजारों में आशातीत ग्राहकों की भीड़ कम रही। हालाकि बच्चों की जिद के कारण अभिभावकों ने कुछ हद तक खरीदारी की। गुजरी बाजार के एक दुकानदार के अनुसार महंगाई अधिक होने से बाजार में होली पर्व होने के बावजूद भी उठाव नहीं है। रंग की बिक्री कम हो रही है, लोग गुलाल व मुखौटा पसंद कर रहे हैं। इधर मीट, चिकन मार्केट में व्यापारी तैयारी करते नजर आए। जिन्होंने शुक्रवार के दिन के लिए पर्याप्त मात्रा में माल भर रखा है।
धुरेडी आज, रंग-गुलाल की होगी बौछार
होली पावन पर्व वैसे तो पांच दिन तक मनाया जाता है इसलिए इसे रंग पंचमी के नाम से जाना जाता है। लेकिन रंगो के इस पर्व को धुरेड़ी के नाम से जाना जाता है, जो होलिका दहन के दूसरे दिवस यानि आज शुक्रवार को मनाई जानी है। 14 मार्च को धुरेड़ी है, धुरेडी-रंग-गुलाल का पर्व है। इस दिन जमकर रंग गुलाल खेली जाती है। गांव व शहर कोई भी इससे अछूते नहीं रहता हंै। जिला प्रशासन ने नागरिकों से इस पर्व को आपसी भाईचारा के साथ मनाने की अपील की है। जिले में धुरेड़ी का उत्सव उत्साह पूर्वक मनाया जाता हैं। पुलिस ने इस पर्व के मद्देनजर शांति समिति की बैठकें की हैं।