प्लास्टिक सर्जन से हुई अशोक गहलोत की बात, झुलसने के बाद कैसी है गिरिजा व्यास की हालत, सामने आया बड़ा अपडेट
Girija Vyas Health Update: पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने मंगलवार को बताया कि डॉ. व्यास के स्वास्थ्य को लेकर अहमदाबाद में उनका इलाज कर रहे अस्पताल के प्लास्टिक सर्जन डॉ. गिरीश अम्बलानी से बात हुई।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं कांग्रेस की वरिष्ठ नेता डॉ. गिरिजा व्यास- फाइल फोटो
Girija Vyas: राजस्थान के उदयपुर में पूजा के दौरान अचानक आग लग जाने से झुलसी पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं कांग्रेस की वरिष्ठ नेता डॉ. गिरिजा व्यास की अहमदाबाद के एक अस्पताल में हालत स्थिर बनी हुई है। डॉ. व्यास को सोमवार को गणगौर पूजा के दौरान उनके कपड़ों में आग लग जाने के बाद उदयपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराने के बाद इलाज के लिए अहमदाबाद ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर है।
इस हादसे के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने डॉ. व्यास के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। शर्मा ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और स्वास्थ्य मंत्री रुशिकेश पटेल से बात कर डॉ. व्यास के उपचार की प्रगति और उन्हें उपलब्ध कराई गई मेडिकल सुविधाओं पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को अहमदाबाद स्थित अस्पताल के चिकित्सकों से समन्वय बनाकर शीर्षस्तरीय चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी डॉ. व्यास के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। गहलोत ने मंगलवार को सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि डॉ. व्यास के स्वास्थ्य को लेकर अहमदाबाद में उनका इलाज कर रहे अस्पताल के प्लास्टिक सर्जन डॉ. गिरीश अम्बलानी से बात हुई और उन्होंने बताया कि डॉ. गिरिजा व्यास की जलने से गंभीर स्थिति हुई हैं, लेकिन अभी उनकी हालत स्थिर है।
यह वीडियो भी देखें
Hindi News / Udaipur / प्लास्टिक सर्जन से हुई अशोक गहलोत की बात, झुलसने के बाद कैसी है गिरिजा व्यास की हालत, सामने आया बड़ा अपडेट