scriptमहिलाओं के वार्ड में एसी लेकिन पुरुषों के यहां कूलरों का भी टोटा | Patrika News
जैसलमेर

महिलाओं के वार्ड में एसी लेकिन पुरुषों के यहां कूलरों का भी टोटा

जिले में इस बार अप्रेल माह की शुरुआत से ही भीषण गर्मी का सितम देखते हुए जिला प्रशासन की तरफ से विशेष बंदोबस्त किए जाने के दिशा-निर्देश चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महकमे से लेकर अन्य विभागों को दिए गए हैं।

जैसलमेरApr 10, 2025 / 08:13 pm

Deepak Vyas

jsm
जैसलमेर में हीट वेव की चेतावनी व जिला प्रशासन की हिदायत के बाद जिला मुख्यालय सहित जिले के चिकित्सा संस्थानों में व्यवस्थाओं में सुधार तो हुआ है, लेकिन अभी भी सफाई, पानी की उपलब्धता और वार्ड में कूलर की व्यवस्था किए जाने की दरकार है। जिले में इस बार अप्रेल माह की शुरुआत से ही भीषण गर्मी का सितम देखते हुए जिला प्रशासन की तरफ से विशेष बंदोबस्त किए जाने के दिशा-निर्देश चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महकमे से लेकर अन्य विभागों को दिए गए हैं। इस संबंध में पत्रिका ने जिला मुख्यालय सहित जिले के बड़े गांवों में चिकित्सा केंद्रों का जायजा लेकर हालात जाने। जैसलमेर मुख्यालय स्थित जवाहिर चिकित्सालय में महिलाओं के मेडिकल और सर्जिकल वार्डों में गर्मी से बचाव के लिए एयरकंडीशनर लगे हुए हैं। दोपहर के समय वे चल भी रहे थे, जिससे दोनों वार्डों में भर्ती मरीज सुकून से विश्राम करते दिखाई दिए। दूसरी ओर पुरुषों के लिए बने मेडिकल व सर्जिकल वार्डों में अभी तक कूलरों की व्यवस्था नहीं हो पाई है। यहां लगे सभी छत पंखें चल रहे थे। रोशनी की व्यवस्था भी माकूल नजर आई लेकिन अव्वल तो कूलर वाले स्थान रिक्त थे और एकाध जगह पर खिडक़ी में कूलर रखे तो हैं लेकिन अभी चलाए नहीं गए हैं। वृद्धजनों के लिए अस्पताल में बने जेरियाट्रिक वार्ड में भी कूलर या एसी नहीं लगा है और पंखों की हवा का ही आसरा है। पीने के पानी का कूलर लगा हुआ था। उसमें से ठंडे पानी की जगह दोनों नलों से सामान्य तापमान का पानी ही उपलब्ध हो रहा है।

सफाई व्यवस्था में सुधार

अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था में पूर्व की तुलना में अवश्य सुधार नजर आया। हालांकि भीतर परिसर में पेड़ों की पत्तियां अवश्य फर्श पर बिखरी हुई दिखी। वार्डों के भीतर व बाहर बने शौचालयों में स्वच्छता नजर आई और दुर्गंध भी नहीं के बराबर थी लेकिन वहां कहीं वाश बेसिन नहीं है तो कहीं नल उखड़े हुए हैं। पीएमओ डॉ. चन्दनसिंह ने बताया कि अस्पताल में एसी व पंखें लगा दिए गए हैं। अब आगामी दिनों में कूलर लगवाए जाएंगे। अस्पताल में गर्मी से पीडित मरीजों के लिए अलग से वार्ड स्थापित कर दिया गया है और दवाइयों व अन्य उपचार सामग्री पूर्णतया उपलब्ध है।

रामदेवरा में व्यवस्था सुधरी

रामदेवरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को गर्मी के दौरान गर्मी से परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता है। यहां अस्पताल के अंदर मरीजों के लिए वातानुकूलित वातावरण के संसाधन उपलब्ध हैं। रामदेवरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक भवानी सिंह ने बताया कि गर्मी के चलते ओपीडी पूर्व के मुकाबले में आधी हो गई है। वर्तमान में रामदेवरा पीएचसी के अंदर महिला व पुरुषों के कुल 14 बेड लगे हुए हैं। जो दो वार्डों में विभक्त है। एक वार्ड के अंदर 7 बेड लगे हुए हैं । दोनो वार्ड में 2- 2 एसी लगे हुए हैं। 3 एसी परिसर में विभिन्न जगहों पर लगे हुए हैं। इसके साथ ही महिला व पुरुष वार्ड में पांच कूलर भी लगे हुए हैं।तापमान नियंत्रण के लिए अस्पताल में 7 एसी और 5 कूलर की व्यवस्था है।

लू-तापघात वार्ड तैयार

मोहनगढ़ स्थित अस्पताल में लू और तापघात के मरीजों के लिए डेडिकेटेड वार्ड बनाया गया है। जिसमें मेडिकल किट, दो बेड, कूलर आदि की व्यवस्था की गई है। वहीं अस्पताल के वार्ड में भी कूलर लगा रखे हैं। जनरल पुरुष वार्ड में कूलर तो लगा है लेकिन चल नहीं रहा था। हालांकि पंखें चल रहे थे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. मनोहर सिंह का कहना था कि सभी वार्ड में कूलर लगे हुए हैं। जनरल पुरुष वार्ड के कूलर चलते चलते बंद हो गया है। जिसे इलेक्ट्रीशियन को बुला ठीक करवाया जा रहा है। लू तापघात वार्ड तैयार किया गया। जिसमें सभी सुविधाएं उपलब्ध हंै।

Hindi News / Jaisalmer / महिलाओं के वार्ड में एसी लेकिन पुरुषों के यहां कूलरों का भी टोटा

ट्रेंडिंग वीडियो