IMD Weather Update : हल्की सर्दी का दौर एक बार फिर शुरू हो गया है। दिन के समय ठंडी हवा चल रही हैं। जबकि, रातें थोड़ी सर्द हो गई हैं। इससे मौसम एक बार फिर से सुहाना हो गया है। इसके साथ ही शहर की पहाड़ियों पर खूबसूरत पक्षियों की झलक भी दिखाई देने लगी है। फाल्गुन की दस्तक के साथ ही पक्षी प्रेमी इन दिनों पक्षियों के कलरव को कैमरों में कैद करने में जुटे हैं। वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर अजीत नारंग ने मदन महल की पहाड़ियों में विरले दिखने वाले रंग-बिरंगे कॉपर स्मिथ बारबिट को कैमरे में कैद किया। इनका प्रजनन का फरवरी और मार्च में शुरू होता है। ये अपना घोंसला पेड़ों पर तैयार करते हैं।
IMD Weather Update : 27 फरवरी के बाद बदलेगा मौसम, तेजी से चढ़ेगा पारा
रविवार रात जबलपुर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, दो दिन तक यही स्थिति रह सकती है। सोमवार रात न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़त हुई। लेकिन, न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री कम था। दिन में उत्तर पूर्वी हवा के चलते अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य था।
IMD Weather Update : कई मौसम प्रणालियां सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पूर्वी पाकिस्तान और उससे लगे जम्मू पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में मौजूद है। पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र से लेकर आंध्र प्रदेश के ऊत्तरी तट तक एक द्रोणिका बनी है। उत्तरी केरल से लेकर मध्य महाराष्ट्र तक भी एक द्रोणिका बनी है। इन मौसम प्रणालियों के चलते हवाओं का रुख उत्तर-पूर्वी हो गया है और तापमान में गिरावट होने लगी है। अभी दो दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। सोमवार को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के संकेत मिले हैं। इससे से हवा का रुख बदलेगा और 27 फरवरी से तापमान में वृद्धि होने लगेगी।
Hindi News / Jabalpur / IMD Weather Update : उत्तर-पूर्वी हवा से लौटी ठंड, मौसम हुआ सुहाना … पक्षी गाने लगे ‘तराना’