scriptएमपी में बड़ा फैसला, धार्मिक स्थलों को ढंकने का जारी किया फरमान | Order issued to cover religious places in MP | Patrika News
इंदौर

एमपी में बड़ा फैसला, धार्मिक स्थलों को ढंकने का जारी किया फरमान

HOLI HIGH ALERT मध्यप्रदेश में बड़ा फैसला लिया गया है।

इंदौरMar 13, 2025 / 06:04 pm

deepak deewan

Order issued to cover religious places in MP

Order issued to cover religious places in MP

HOLI HIGH ALERT – मध्यप्रदेश में त्योहारों को देखते हुए बड़ा फैसला लिया गया है। शुक्रवार को होली के साथ जुमे की नमाज भी है जिसे देखते प्रदेशभर में तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। इंदौर और महू में पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी करने का निर्णय लिया गया है। सबसे खास बात यह है कि पुलिस ने धार्मिक स्थलों को ढंकने का फरमान भी जारी किया है। महू में 9 मार्च की रात चैंपियंस ट्राफी में भारत की जीत के बाद दो समुदायों में विवाद भड़क गया था।यहां हुई वारदातों से तो इंदौर पुलिस हाई अलर्ट पर है।
होली और रंगपंचमी पर इंदौर और महू में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त तेवर दिखा रहे हैं। इसके लिए जहां इंदौर और महू में 2 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है वहीं संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से भी नजर रखी जा रही है।
होली के दिन ही जुमे की भी नमाज है जिससे प्रशासन व ​पुलिस अधिकारी खासे सतर्क हैं। इसे देखते हुए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने सीधे आम लोगों और गणमान्य नागरिकों से भी मुलाकात की। हर थाने की शांति समिति की बैठक बुलाकर सभी लोगों को त्योहारों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने की समझाइश दी गई।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मुस्लिम समुदाय से होली को लेकर खासतौर पर अपील की। मौलानाओं से अपने धर्मस्थलों को प्लास्टिक या तिरपाल से ढंकने का आग्रह किया गया गया। उनसे कहा गया कि अगर रंगों से कोई दिक्कत है तो वे मस्जिदों को कवर कर लें।
इंदौर के गांधीनगर थाना प्रभारी अनिल यादव ने बताया कि मौलानाओंं से कहा गया है कि होली और रंग पंचमी पर धार्मिक स्थलों को ढक लें। शांति समिति की बैठक में होली के दिन शुक्रवार पर नमाज पढ़ने की भी बात उठी थी। इस पर उन्हें समझाइश दी गई। मुस्लिमों से कहा गया है कि अगर नमाज के दौरान कोई रंग गुलाल डाले तो विवाद न करें बल्कि सद्भावना दिखाएं।
पुलिस बदमाशों, गुंडों पर भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दे रही है। गांधीनगर थाना में ही 30 कुख्यात गुंडों को थाने में बुलाकर रेड और येलो नोटिस दिए। थाना प्रभारी अनिल यादव के अनुसार उन्हें सख्त हिदायत दी कि होली और रंग पंचमी के दिन किसी भी हाल में उत्पात न मचाएं। इसी के साथ रेड और येलो कलर का रंग लगाकर सभी बदमाशों को होली की शुभकामनाएं भी दीं।
महू और इंदौर में होली और रंगपंचमी पर हर जोन में 2-2 ड्रोन से निगरानी की जा रही है। मकानों की छतों पर भी पुलिस नजर रख रही है। सोशल मीडिया पर भी पुलिस अधिकारियों की कड़ी नजर है, अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। इंदौर और महू में 2 हजार से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं। इंदौर पुलिस ने शहर के लिए 175 पेट्रोलिंग मोबाइल्स तय किए हैं जबकि संवेदनशील इलाकों में 40 फिक्स प्वाइंट्स तय किए हैं।

Hindi News / Indore / एमपी में बड़ा फैसला, धार्मिक स्थलों को ढंकने का जारी किया फरमान

ट्रेंडिंग वीडियो