पुलिस के अनुसार जबलपुर से कुछ भक्त खाटू श्याम के दर्शन करने गए थे। ये सभी युवक जब राजस्थान से लौटकर आ रहे थे तब उनपर जयपुर के पास गोलियां बरसाई गईं। फायरिंग से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पता चला है कि खाटू श्याम गए भक्तों में से अनुराग दुबे को गोली लगी है। उसे लहूलुहान स्थिति में महुवा जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से हालत बिगड़ने पर जयपुर रेफर कर दिया गया है।
जबलपुर के रांझी के चार युवक खाटू श्याम के दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे। रास्ते में राजस्थान की राजधानी जयपुर में एनएच पर कुछ लोगों ने उनकी कार रुकवाई और गाड़ी में सवार भक्तों पर गोलियां बरसाने लगे। फायरिंग के बाद सभी आरोपी भाग गए।
गोलीकांड में युवक अनुराग दुबे बुरी तरह घायल हो गया, उसके कंधे में गोली लगी जिससे खून से लथपथ हो गया। उसे तुरंत महुवा जिला अस्पताल ले जाया गया जहां हालत गंभीर होने पर जयपुर रेफर किया गया है।
फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि काली कार में सवार हमलावर कई किलोमीटर से खाटू श्याम भक्तों का पीछा कर रहे थे। हमले की वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि लूट के इरादे से यह फायरिंग की गई। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।